अहमदाबाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि ‘अर्बन नक्सल’ और राजनीतिक समर्थन वाले ‘विकास विरोधी तत्वों’ ने गुजरात में कई सालों तक नर्मदा नदी पर सरदार सरोवर बांध के निर्माण को रोककर रखा। पीएम मोदी ने कहा कि पर्यावरण के नाम पर ऐसा किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि जिस काम की शुरुआत देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने की थी उसे उन्होंने पूरा किया। प्रधानमंत्री ने गुजरात में आयोजित पर्यावरण मंत्रियों के सम्मेलन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित करते हुए यह बातें कहीं।
नर्मदा जिले के एकता नगर में जुटे देश के अलग-अलग राज्यों के पर्यावरण मंत्रियों से पीएम मोदी ने बताया कि कैसे पर्यावरण की आड़ लेकर देश में विकास के कामों को रोकने की कोशिश हुई है। उन्होंने कहा, ”आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के बिना, देश का विकास, देशवासियों के जीवन स्तर को सुधारने का प्रयास सफल नहीं हो सकता। लेकिन हमने देखा है कि पर्यावरण मंजूरी के नाम पर देश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण को कैसे उलझाया जाता था।”
