11.7 C
London
Monday, March 30, 2026
Homeखेलआरोन फिंच ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा, ये धाकड़ रिकॉर्ड हैं...

आरोन फिंच ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा, ये धाकड़ रिकॉर्ड हैं उनके नाम

Published on

मेलबर्न

ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज और 2021 में टी20 विश्व कप जिताने वाले कप्तान आरोन फिंच ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। 36 वर्ष के फिंच हालांकि बिग बैश लीग और घरेलू टी20 मैचों में खेलते रहेंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ट्वीट किया, ‘हमारे विश्व कप विजेता और सबसे लंबे समय तक टी20 कप्तान रहने वाले आरोन फिंच ने खेल को अलविदा कहने का फैसला किया है। अपने योगदान के लिए धन्यवाद आरोन फिंच।’

फिंच का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेना तय माना जा रहा था। उन्होंने पिछले साल वनडे क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया और आखिरी टेस्ट भी 2018 में खेला था। उनकी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने दुबई में न्यूजीलैंड को हराकर टी20 विश्व कप 2021 जीता था। पिछले साल हालांकि अपनी सरजमीं पर टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलियाई टीम नहीं पहुंच सकी।

फिंच ने आखिरी टी20 मैच भी उसी टूर्नामेंट में खेला जब ऑस्ट्रेलिया की आयरलैंड पर 42 रन से जीत में उन्होंने 63 रन बनाए थे। फिंच ने कहा, ‘मैं 2024 टी20 विश्व कप तक नहीं खेल सकूंगा लिहाजा मेरे लिए अब पीछे हटने का सही समय है ताकि टीम आगे के बारे में सोच सके।’ फिंच ने ऑस्ट्रेलिया के लिए पांच टेस्ट में 278 रन, 146 वनडे में 5406 रन बनाए और 103 टी20 खेलकर 3120 रन बनाए जिसमें दो शतक और 19 अर्धशतक शामिल हैं।

जनवरी 2011 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने के बाद से उन्होंने सभी प्रारूपों में 8804 रन बनाए हैं जिसमें 17 वनडे शतक और दो टी20 शतक शामिल हैं। उन्होंने रिकॉर्ड 76 टी20 मैचों में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी की। टी20 क्रिकेट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड भी उनके नाम है जब 2018 में हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 76 गेंद में 172 रन बनाए थे। फिंच आईसीसी वनडे विश्व कप 2015 जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम में भी थे।

उन्होंने कहा, ‘आप टीम की कामयाबी के लिए ही खेलते हैं। टी20 विश्व कप जीतना और अपनी धरती पर वनडे विश्व कप हासिल करना मेरे करियर की सबसे सुनहरी यादें हैं। बारह साल तक ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलना और महानतम खिलाड़ियों के खिलाफ खेलना गर्व की बात है।’ उन्होंने कहा कि वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलते रहेंगे। उन्होंने कहा, ‘उम्मीद है कि मैं ब्रिटेन में द हंड्रेड खेल सकूंगा।’ वह आईपीएल और भारत में होने वाले वनडे विश्व कप के दौरान कमेंट्री भी करेंगे।

Latest articles

सड़क चौड़ीकरण: हटेंगी लेबर कॉलोनी की 55 दुकानें और 38 मकान, विरोध तेज

भोपाल। शहर में इंद्रपुरी-भवानीशाह क्षेत्र की सड़क चौड़ीकरण योजना के तहत प्रशासन द्वारा लेबर...

प्रशिक्षण से व्यक्तित्व का उत्कर्ष, राष्ट्र निर्माण की आधारशिला : राज्यमंत्री श्रीमती गौर

प्रशिक्षण अभियान सशक्त भारत के निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी है: प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल भोपाल:...

भोपाल में सूखे कचरे से बनेगा कोयला, आदमपुर छावनी में 220 करोड़ का चारकोल प्लांट शुरू

भोपाल राजधानी में अब सूखे कचरे से कोयला तैयार किया जाएगा। इसके लिए आदमपुर छावनी...

More like this

बीएचईएल स्पोर्ट्स क्लब में 8वीं मप्र राज्य मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ

भोपाल। 8वीं मप्र राज्य मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ भेल खेल प्राधिकरण बैडमिंटन कोर्ट, बरखेड़ा...

टी-20 वर्ल्ड कप: भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब जीता

अहमदाबाद। भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से...