नई दिल्ली
दिल्ली में राम नवमी के मौके पर बिना अनुमति के जुलूस निकाला जा रहा है। ऐसे में पुलिस ने ऐहतियातन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। जुलूस के दौरान लोग गीत बजाते हुए जा रहे हैं। इस बारे में डीसीपी नॉर्थ जीतेंद्र मीणा ने कहा कि पूरे ज़िले में पुलिस तैनात है। जहांगीरपुरी में एहतियाती व्यवस्था की गई है। जुलूस या शोभा यात्रा की अनुमति नहीं है, लोग पार्क में शांतिपूर्वक रामनवमी मना सकते हैं। जहांगीरपुरी इलाके में रामनवमी के अवसर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
छावनी में तब्दील हुआ इलाका
दिल्ली के जहांगीरपुरी में सभी ब्लॉक बेरिकेडिंग लगाकर पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। परमिशन ना होने के बाद भी हिंदू संगठन की तरफ से शोभायात्रा निकालने की बात कही गई थी। राम नवमी के अवसर पर शोभा यात्रा निकालने पर दिल्ली पुलिस की तरफ से कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए प्रतिबंध लगाया गया है। हिंदू संगठनों का कहना था कि प्रतिबंध के बाद भी शांति पूर्वक जुलूस निकालेंगे। शोभायात्रा के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई।
जुलूस की नहीं मिली अनुमति तो हुए नाराज
राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में करीब 1 साल पहले शोभा यात्रा के दौरान ही सांप्रदायिक दंगे हुए थे। पथराव तलवारबाजी और जमकर हंगामा हुआ जो कि कई दिनों तक चला था। इसे देखते हुए इस साल रामनवमी के अवसर पर जब हिंदू संगठनों द्वारा शोभायात्रा निकालने की अनुमति दिल्ली पुलिस से मांगी गई। ऐसे में दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए शोभायात्रा निकालने की परमिशन देने से इनकार कर दिया। इस बात से कई हिंदू संगठन नाराज भी हुए। उन्होंने बुधवार को इस बात का ऐलान कर दिया गया था की अनुमति ना होने के बावजूद जहांगीरपुरी इलाके से शोभायात्रा निकाली जाएगी।
