नई दिल्ली,
देशभर में कोरोना अब तेजी से बढ़ता जा रहा है. पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 6,155 नए मामले दर्ज किए गए हैं. इसके साथ ही कोविड की डेली पॉजिटिविटी रेट 5.63 फीसदी, जबकि वीकली पॉजिटिविटी रिपोर्ट 3.47 फीसदी तक जा पहुंची है.कोरोना के बढ़ते केसों को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ हाई लेवल मीटिंग की थी. इस मीटिंग में मनसुख मांडविया ने कोविड-19 के प्रबंधन के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य तैयारी और राज्यों के साथ कोविड-19 टीकाकरण के प्रोग्रेस को रिव्यू किया.
डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि केंद्र और राज्यों को सहयोगात्मक भावना से काम करने की जरूरत है. ठीक ऐसा ही पिछली उछाल के दौरान भी किया गया था. हालांकि इस बैठक से सामने आने वाली एक खास बात यह है कि अभी भी मास्क को अनिवार्य नहीं किया गया और राज्यों से कहा गया कि वे कोविड टेस्टिंग और जीनोम सीक्वेंसिंग पर ध्यान दें. इस बैठक में राज्यों को 10 और 11 अप्रैल को सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर मॉक ड्रिल करने को कहा गया है. केंद्र की ओर से राज्य के स्वास्थ्य मंत्रियों को कहा गया कि इस मॉक ड्रिल को रिव्यू करने के लिए वे खुद अस्पतालों का दौरा करें.
