बेंगलुरु,
कर्नाटक में बेंगलुरु पुलिस ने ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने फ्लाइट का इमरजेंसी डोर खोलने की कोशिश की. वो भी उस समय जब फ्लाइट हवा में काफी ऊंचाई पर थी. जानकारी के मुताबिक, 30 वर्षीय आरोपी यात्री प्रतीक कानपुर का रहने वाला है. उसने दिल्ली से बेंगलुरु के लिए इंडिगो की फ्लाइट ली थी.
एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक, प्रतीक ने उस दौरान खूब शराब पी रखी थी. उसे बिल्कुल भी होश नहीं था. तभी फ्लाइट ने हवा में उड़ान भरी. जब फ्लाइट ऊंचाई पर जा पहुंची तो प्रतीक अपनी सीट से उठा. वह इमरजेंसी डोर के पास पहुंचा और उसे खोलने लगा.
उसी समय क्रू मेंबर्स की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने उसे पकड़ लिया. वह इतने नशे में था कि उसे खुद की भी सुध नहीं थी. क्रू मेंबर्स ने तुरंत इसकी सूचना फिर फ्लाइट कैप्टन को दी. जिसके बाद जब विमान बेंगलुरु में लैंड हुआ तो प्रतीक को सीआईएसएफ के हवाले कर दिया गया.
आरोपी प्रतीक के ऊपर धारा 290 और 336 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. उसके खिलाफ आगामी कार्रवाई जारी है.बता दें, हाल ही में मुंबई पुलिस ने एक 63 वर्षीय स्वीडिश नागरिक को बैंकाक से मुंबई जाने वाली एक उड़ान में 24 वर्षीय केबिन क्रू से छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया था. नशे में धुत आरोपियों ने एक सह-यात्री के साथ भी मारपीट की और हवा में हंगामा किया.
वहीं उससे पहले, मार्च के पिछले सप्ताह हुई एक अन्य घटना में, एक अन्य नशे में यात्री ने गुवाहाटी से दिल्ली की यात्रा के दौरान इंडिगो की उड़ान के अंदर कथित तौर पर उल्टी की और टॉयलेट किया. कथित तौर पर यह घटना 26 मार्च को हुई थी और बाद में महिला केबिन क्रू द्वारा मेस को साफ किया गया था.
