नई दिल्ली
चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ मंगलवार (11 अप्रैल) को एक वकील पर बहुत नाराज हो गए और दो टूक कहा कि मेरे अधिकार के साथ खिलवाड़ करने का प्रयास ना करें। दरअसल, वकील अपने मामले की जल्दी सुनवाई चाह रहा था। जस्टिस चंद्रचूड़ ने बताया कि मामला पहले ही 17 अप्रैल की सुनवाई लिस्ट है।
वकील की किस बात पर नाराज हो गए CJI?
सीजेआई चंद्रचूड़ के यह बताने के बाद वकील ने कहा कि अगर मुझे इजाजत मिले तो मैं इसे दूसरी बेंच के सामने मेंशन कर सकता हूं। इसी बात पर सीजेआई नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि मेरे साथ इस तरह की चालाकी की जरूरत नहीं है। पहले आपने यहां मेंशन किया और अब जल्दी सुनवाई के लिए दूसरी जगह मेंशन करना चाहते हैं… यह कतई ठीक नहीं है।
वकील ने मांगी माफी
सीजेआई चंद्रचूड़ की नाराजगी भांप वकील ने फौरन माफी मांग ली। कहा कि मिलॉर्ड! मुझे क्षमा करें। इस पर सीजेआई ने जवाब दिया कि ठीक है, लेकिन आइंदा मेरे प्रशासनिक अधिकारों में दखल देने का कोई प्रयास न करें।
‘किसी को डिक्टेट करने का प्रयास नहीं करना चाहिए’
आपको बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब सीजेआई किसी केस की जल्दी सुनवाई के मसले पर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। कुछ वक्त पहले ही सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के प्रेसिडेंट और सीनियर एडवोकेट को सीजेआई ने फटकार लगाई थी और कहा था कि यह उनकी कोर्ट है और वही तय करेंगे कि कब और किस तरीके से काम होगा। किसी और उन्हें डिक्टेट करने का प्रयास नहीं करना चाहिए। (खबर अभी अपडेट हो रही है)
