नई दिल्ली
दिल्ली में गर्मी का असर दिखने लगा है। चिलचिलाती धूप में बाहर निकलते ही अप्रैल में मई का अहसास होने लगा है। स्थिति यह है कि मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को लू चलने का पूर्वानुमान जताया है। दिल्ली में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। यह सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। दिल्ली के प्रादेशिक मौसम विभाग केंद्र के अनुसार शनिवार से लेकर सोमवार तक पारा 42 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है। हालांकि, इसके बाद आने वाले दिन में गर्मी से राहत मिलने की भी भविष्यवाणी की गई है।
18-19 अप्रैल से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग केंद्र की साइंटिस्ट डॉ. सोमा सेन रॉय ने कहा कि एक और पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इसका असर जल्द ही दिखाई देने लगेगा। उन्होंने कहा कि इस वजह से पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा मैदानी इलाकों में भी 18-19 अप्रैल तक बारिश हो सकती है। बारिश के बाद तापमान में थोड़ी कमी आएगी। ऐसे में एक बार फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। डॉ. रॉय ने कहा कि वेस्टर्सं डिस्टरबेंस अभी थोड़ा धीमा है इसलिए इसका उतना असर नहीं दिख रहा है। एक दो दिन बाद टेंपरेंचर कम होने लगेगा।
मध्य भारत में दिखेगा असर
महाराष्ट्र, के साथ ही उत्तरी कर्नाटक में काफी बारिश हुई है। कई जगह ओलावृष्टि हुई है। आज मध्यप्रदेश, छत्तीगढ़, ओडिशा और विदर्भ में बारिश का अनुमान है। इन राज्यों में शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, पहाड़ों में लगातार पांच दिन तक बारिश होने की संभावना है। वहीं, उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में एक गरज के साथ बौछारे बारिश का नया दौर देखने को मिलेगा। शनिवार और रविवार को हरियाणा, पंजाब, और वेस्ट यूपी में हीट वेव का पूर्वानुमान जताया गया। इन राज्यों में तापमान बढ़ रहा है। पारा 40 के पार पहुंच चुका है। इन राज्यों में लोग दोपहर में बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकले।
क्या है लू की एबीसीडी
मैदानी इलाकों में जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक और सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक रहे तो मौसम विभाग लू की घोषणा करता है। वहीं, अगर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सिसय से अधिक और सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक हो तो उसे गंभीर लू माना जाता है। ऐसे में लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। लू की वजह से लोगों को डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और बेहोशी भी हो सकती है।
