मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर में एक साहूकार ने 5 हजार रुपये के लिए गरीब किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इससे पहले गंभीर घायल होने पर साहूकार ने किसान के परिजनों को सूचना दी। इलाज के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे तो घायल ने दम तोड़ दिया। आरोपी साहूकार की गिरफ्तारी को लेकर परिजनों ने हंगामा किया। थाना जानसठ के गांव काकड़ा निवासी चौनी राम उर्फ महकचंद ने 5 साल पहले बेटी की शादी में नगला मुबारिक के साहूकार सुधीर से ब्याज पर 30 हजार रुपया उधार लिया था।
जानकारी के अनुसार साहूकार को चोनीराम उर्फ महकचंद 30 हजार के एवज में ब्याज सहित 45 हजार लौटा चुका था। बावजूद साहूकार गरीब किसान पर 5 हजार रुपया और बकाया निकाल रहा था। शनिवार को किसान गांव नगला मुबारिक के पास किसी के खेत में गन्ना छील रहा था। आरोप है कि उसी समय साहूकार सुधीर अपने बेटे समेत एक अन्य को लेकर वहां पहुंचा और जबरन चोनी राम उर्फ महकचंद को उठा लाया। आरोप है कि 5 हजार रुपये के लिए साहूकार ने चौनीराम को अपने घर में बंद कर बुरी तरह पीटा। घायल होने पर साहूकार सुधीर ने किसान के परिजनों को फोन कर जानकारी दी। इसके बाद उसके परिजन किसान को उठाकर चले गए लेकिन वहां उसने दम तोड़ दिया।
सीमा विवाद में उलझी पुलिस
गरीब किसान चौनिराम उर्फ महकचंद के भतीजे रितु ने बताया कि परिजन घायल को सीएचससी जानसठ ले गए थे। लेकिन चिकित्सक ने बिना पुलिस में लिखा पढ़ी उसे भर्ती करने से इंकार कर दिया था। जिसके बाद घायल किसान को लोग थाना जानसठ लेकर पहुंचे लेकिन पुलिस ने मामला थाना सिखेड़ा क्षेत्र का होने का बताते हुए उन्हें वापस भेज दिया। थाना सिखेड़ा से पुलिस को साथ लेकर सीएचसी जानसठ पहुंचे लेकिन तब तक घायल किसान ने दम तोड़ दिया था।एसएसपी संजीव सुमन का कहना है कि मारपीट की घटना की जानकारी मिली है, जिसमें किसान की मौत हुई है। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
