शाजापुर,
सियासत में अक्सर ऐसे मामले आते रहते हैं, जब नेताओं के मुंह से निकला एक शब्द घमासान मचा देता है. अक्सर ऐसे मामले तभी देखने को मिलते हैं, जब एक नेता दूसरे नेता या पार्टी पर जुबानी वार करता है. मगर, मध्य प्रदेश से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें बीजेपी नेता ने पार्टी के ही दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की तारीफ करते हुए ऐसे शब्द का इस्तेमाल कर दिया, जिससे घमासान मचा हुआ है.
दरअसल, मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर बीजेपी कार्यक्रम आयोजित कर उपलब्धियां बता रही है. इसी क्रम में राज्य के शाजापुर जिले के पोलायकलां में भी एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसमें पूर्व विधायक अरुण भीमावद ने मंच से बोलना शुरू किया और सिंधिया की तारीफ की. इसी बीच उन्होंने एक ऐसा शब्द बोल दिया जिसे सुनकर मौजूद नेता और कार्यकर्ता हतप्रभ रह गए.
‘बीजेपी की सरकार बनाने में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया’
अरुण भीमावद ने कहा कि भगवान में उनको (सिंधिया) सद्बुद्धि दी कि कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आ गए. ईश्वर ने हमारी, जनता और कार्यकर्ताओं की आवाज को सुना. बीजेपी की सरकार बनाने में उन्होंने (सिंधिया) महत्वपूर्ण योगदान दिया. इसी बीच तारीफ करते समय अरुण ने सिंधिया के लिए आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल कर दिया. कहा कि वो कांग्रेस में नामर्द थे.
सियासी गलियारों में सुर्खियों में अरुण भीमावद की टिप्पणी
ये सुनकर मौजूद नेता और कार्यकर्ता हतप्रभ रह गए. देखते ही देखते उनकी ये विवादास्पद टिप्पणी सियासी गलियारों में सुर्खियों में आ गई. इसको लेकर कांग्रेस ने सिंधिया से ही सवाल-जवाब करने शुरू कर दिए. कालापीपल विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ने कहा, सिंधिया से मेरा सवाल है कि बीजेपी के पूर्व विधायक ने आपके लिए ऐसे शब्द का इस्तेमाल किया. क्या आपको बीजेपी में यही सम्मान मिला है.
मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अरुण भीमावद का वीडियो ट्वीट कर कसा तंज
इसके साथ ही मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर अरुण भीमावद का वीडियो शेयर करते हुए तंज कसा. कहा, ‘बीजेपी के पूर्व विधायक अरुण भीमावद ने सिंधिया को नामर्द बताया. शाजापुर से बीजेपी विधायक और जिलाध्यक्ष भी रह चुके है अरुण भीमावद. क्या उसूलों पर आंच आई?’
