नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में आज एक महिला पायलट और उसके पति की गुस्साई भीड़ ने धुनाई कर दी। दोनों की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दोनों पर एक 10 साल की नौकरानी को प्रताड़ित करने का आरोप है।
द्वारका में रहने वाली महिला पायलट पर 10 साल की नाबालिग बच्ची के साथ मारपीट करने का आरोप है। भीड़ ने गेट के अंदर महिला पायलट को खींचकर बाहर निकाला और फिर उसके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान दोनों पति-पत्नी बार-बार माफी मांग रहे थे लेकिन भीड़ में गुस्साई महिलाओं ने उसे पीटना जारी रखा।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि बच्ची का तुरंत मेडिकल परीक्षण कराया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 324, 342 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। इसके अलावा चाइल्ड लेबर एक्ट, 75 जेजे एक्ट के तहत भी मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला पायलट और उसके पति को हिरासत में ले लिया गया है।
