कोलंबो
भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने अपने वनडे करियर का पांचवां शतक ठोक दिया है। 25 वर्षीय गिल के लिए यह शतक इसलिए भी खास है क्योंकि यह विपरित हालातों में आया। एशिया कप 2023 में शुक्रवार रात बांग्लादेश के खिलाफ जब रोहित-सूर्यकुमार जैसे तमाम सूरमाओं ने घुटने टेक दिए, तब वहां शुभमन गिल क्रीज पर अकेले डटे रहे। कहर बरपा रहे बांग्ला स्पिनर्स को पूरी समझदारी के साथ खेला। जरूरत के मुताबिक सिंगल-डबल्स दौड़े तो कमजोर गेंदों पर बड़ी हिट लगाई। गिल ने 39वें ओवर में तेज गेंदबाज तंजीम हसन की दूसरी बॉल पर दो रन चुराते हुए यह मुकाम हासिल किया। अपने पांचवें शतक के लिए उन्होंने 118 गेंदों का सहारा लिया। शतकीय पारी में गिल ने छह चौके और चार छक्के मारे।
रिकॉर्डतोड़ शुभमन
शुभम गिल की यह सिर्फ 32वीं वनडे पारी है और अपने छोटे से करियर में वह अबतक पांच शतक और आठ अर्धशतक लगा चुके हैं। जब पूरी भारतीय टीम का स्कोर 171 रन था, तब उसमे अकेले 100 रन शुभमन गिल के बल्ले से निकले। इस पारी के दौरान युवा बल्लेबाज ने कई रिकॉर्ड्स भी अपने नाम किए, जिसमें साल 2023 में 1500 से ज्यादा इंटरनेशनल रन। साल 2023 में 5+ इंटरनेशनल शतक। साल 2023 में हजार से ज्यादा वनडे रन शामिल हैं।
