मोहाली
भारतीय क्रिकेट टीम वर्ल्ड कप से ठीक पहले एक बड़ा कीर्तिमान स्थापित करने से सिर्फ एक कदम दूर है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब से कुछ ही देर में शुरू होने वाले पहले वनडे में अगर टीम इंडिया जीत जाती है तो वह तीनों फॉर्मेट में दुनिया की नंबर-1 आईसीसी रैंकिंग की टीम बन जाएगी। फिलहाल पाकिस्तानी टीम मेंस वनडे रैकिंग में 115 रेटिंग पॉइंट्स के साथ पहले पायदान पर है। भारत के भी इतने ही पॉइंट्स है, लेकिन खेले गए मुकाबलों की संख्या के आधार पर वह दूसरे नंबर पर है। टी-20 और टेस्ट में पहले से ही नंबर-वन टीम के पास यह सुनहरा मौका है।
ऐसा है नंबर वन का समीकरण
मोहली में 22 सितंबर से शुरू हो रही तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला में अगर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया का 3-0 से सफाया कर देती है तो मजबूती से अपनी बादशाहत कायम रखेगा। अगर भारत सीरीज जीतते हुए कोई एक मैच भी हार जाता है तो भी नंबर वन पोजिशन पर फिनिश करेगा। विश्व कप से चंद दिन पहले अगर टीम इंडिया टॉप पर पहुंचती है तो इससे न केवल खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा बल्कि टूर्नामेंट में मजबूत प्रदर्शन के लिए मंच भी तैयार होगा।
पाकिस्तान करेगा ये दुआ
नंबर एक रैंकिंग पर पाकिस्तान की पकड़ को तब झटका लगा जब उसे एशिया कप 2023 के आखिरी सुपर-फोर मैच में हार का मुंह देखना पड़ा। अब विश्व कप से पहले उसे कोई वनडे इंटरनेशनल नहीं खेलना है, ऐसे में उसका भाग्य अधर में लटका हुआ है। पाकिस्तान को अगर अपनी शीर्ष रैंकिंग बरकरार रखनी है तो दुआ करनी होगी कि भारत श्रृंखला 1-2 से हार जाए।
रोमांचक होगा मुकाबला
क्रिकेट प्रेमी भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया एकदिवसीय श्रृंखला के परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं इसलिए दांव पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है। टीम इंडिया के पास सभी प्रारूपों में नंबर एक रैंक हासिल करके क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज कराने का सुनहरा मौका है। चाहे वे इस मौके का फायदा उठाएं या नहीं, एक बात तय है- दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों को आने वाले दिनों में एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।
