एडिलेड
प्रोफेशनल क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था। उन्होंने आईपीएल में 30 गेंद पर सेंचुरी ठोकी थी। इंटरनेशनल क्रिकेट में एबी डिविलियर्स ने 31 गेंद पर सबसे तेज सेंचुरी ठोकी थी। उन्होंने वनडे में ऐसा किया था। यह लिस्ट ए क्रिकेट की भी सबसे तेज सेंचुरी थी। लेकिन ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने क्रिस गेल और डिविलियर्स दोनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
29 बॉल में मैकगर्क ने ठोकी सेंचुरी
ऑस्ट्रेलिया के घरेलू वनडे टूर्नामेंट मार्श कप में तस्मानिया और साउथ ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। इसमें साउथ ऑस्ट्रेलिया के 21 साल के बल्ले जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने सिर्फ 29 गेंद पर सेंचुरी ठोक दी। यह प्रोफेशनल क्रिकेट इतिहास की सबसे तेज सेंचुरी है। उन्होंने पहले पावरप्ले में ही अपना शतक पूरा कर लिया। सलामी बल्लेबाज करने उतरे मैकगर्क ने 38 गेंद पर 10 चौके और 13 छक्कों की मदद से 125 रनों की पारी खेली। वह पारी के 12वें ओवर में ही आउट हो गए।
12 बॉल में 50 से 100 तक पहुंचे
जेक फ्रेजर-मैकगर्क को शुरुआत में गेंद खेलने का मौका नहीं मिला। शुरुआती दो ओवर में उन्होंने सिर्फ एक ही गेंद का सामना किया। लेकिन मौका मिलते ही गेंदबाजों पर टूट पड़े। पारी के तीसरे ओवर में सैम रेनबर्ड के खिलाफ जेक फ्रेजर ने 4 छक्के और दो चौकों की मदद से 32 रन ठोक दिए। 7वें ओवर में ब्रैडली होप और 9वें ओवर में बिली स्टैंलेक के खिलाफ भी तीन-तीन छक्के मारे। उन्होंने 18 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। यह ऑस्ट्रेलिया के घरेलू टूर्नामेंट की सबसे तेज फिफ्टी भी है। इससे पहले ग्लेन मैक्सवेल ने 18 गेंद पर 50 रन पूरे किए थे। उन्होंने 50 रन से शतक तक पहुंचने में सिर्फ 12 गेंदों का सामना किया।
टीम के सामने 436 का लक्ष्य
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए तस्मानिया ने 9 विकेट पर 435 रन ठोक दिए। जॉर्डन सिल्क ने 85 गेंद पर 116 रनों की पारी खेली। ओपनर कैलेब जेवेल ने 52 गेंद पर 90 रनों का योगदान दिया। यह ऑस्ट्रेलिया के घरेलू क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर भी है। जेक फ्रेजर-मैकगर्ककी शतकीय पारी की मदद से साउथ ऑस्ट्रेलिया ने 30 ओवर में 3 विकेट पर 276 रन बना लिए हैं।
