चेन्नई
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम का फील्डिंग स्तर हमेशा से शानदार रहा है। कैच टपकाते हुए कीवी खिलाड़ी काफी कम नजर आते हैं। क्यों उनकी फील्डिंग की इतनी सरहाना की जाती है इसका उदाहरण न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर ने एक बार फिर दिया है। दरअसल, चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के बीच वर्ल्ड कप का मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में मिचेल सैंटनर ने जिस तरह से कैच पकड़ा, वो देख शायद किसी को विश्वास नहीं होगा। उन्होंने ऐसा कैच लपका कि उनकी कैच की वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है। आईसीसी ने खुद इंस्टाग्राम पर सैंटनर के कैच की वीडियो शेयर की है।
अफगानिस्तान की पारी का 14वां ओवर न्यूजीलैंड की ओर से अनुभवी और तेज तर्रार गेंदबाज लॉकी फर्ग्युसन डाल रहे थे। उनके ओवर की आखिरी गेंद पर अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी स्ट्राइक पर थे। लॉकी ने उन्हें शॉट गेंद डाली, जिसको शाहिदी पुल तो करना चाहते थे। लेकिन कर नहीं पाए थे। वह गेंद को सही से टाइम नहीं कर पाए, जिसके चलते गेंद हवा में ज्यादा दूर ट्रेवल नहीं कर पाई। 30 यार्ड दायरे के अंदर ही गेंद खड़ी हो गई थी।
हालांकि उधर तैनात मिचेल सैंटनर के सिर के ऊपर से गेंद जा रही थी। ऐसे में सैंटनर काफी तेजी से गेंद को देखकर उलटा भागना शुरू हो गए और उन्होंने गेंद को पकड़ने के लिए अपना एक हाथ आगे किया। ऐसे में गेंद सीधा उनके हाथ में आकर गिरी और सैंटनर ने जल्दी से मुट्ठी बंद कर ली। ऐसे में अफगानिस्तान के कप्तान शाहिदी 8 रन बनाकर आउट हो गए। न्यूजीलैंड के डगआउट में बैठा सपोर्ट स्टाफ भी उनके लिए जमकर तालियां बजा रहा था।
आपको बता दें कि टॉस गंवाकर न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 288 रन बोर्ड पर लगाए थे। विल यंग (54), ग्लेन फिलिप्स (71) और कप्तान टॉम लाथम (68) ने अर्धशतक ठोका था।
