लखनऊ
मोहम्मद नबी की अगुवाई में स्पिनरों की शानदार गेंदबाजी के बाद हशमतुल्लाह शाहिदी और रहमत शाह की अर्धशतकीय पारियों से अफगानिस्तान ने नीदरलैंड को सात विकेट से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूत किया। अफगानिस्तान की सात मैचों में यह चौथी जीत है और टीम अंक तालिका में आठ अंक के साथ पांचवें स्थान पर आ गयी है। टीम को अगले दो मैचों में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की मजबूत चुनौती से निपटना है। नीदरलैंड की यह सात मैचों में पांचवीं हार है।
जीत के बाद क्या बोले कप्तान शहीदी
अफगानिस्तान की जीत के बाद टीम के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी भावुक नजर आए। उन्होंने बताया कि तीन महीने पहले उनकी मां का निधन हो गया था। शहिदी ने कहा, ‘हम सभी बहुत एकजुट हैं, हम सभी जीत का आनंद ले रहे हैं और सभी टीम के बारे में सोच रहे हैं। हम सेमीफाइनल में जगह बनाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। अगर हम ऐसा कर पाते हैं तो यह हमारे लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी। मैंने तीन महीने पहले अपनी मां को खो दिया, इसलिए मेरा परिवार दुख में है।’
कप्तान शहिदी ने आगे कहा- हम सेमीफाइनल में जाते हैं तो यह पहले हमारे देश के लिए और फिर मेरे लिए भी एक बड़ी उपलब्धि होगी। मैं एक मैसेज देना चाहता हूं- हमारे बहुत से रिफ्यूजी संघर्ष कर रहे हैं, हम सभी उनके वीडियो देख रहे हैं और हम उनका दर्द महसूस कर रहे हैं। मैं यह जीत उन्हें समर्पित करता हूं।’
मैच में क्या-क्या हुआ
अफगानिस्तान ने नीदरलैंड की पारी में 46.3 ओवर में 179 रन पर समेटने के बाद 31.3 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल किया। अफगानिस्तान के लिए कप्तान शाहिदी ने 64 गेंद में छह चौकों की मदद से नाबाद 56 रन बनाने के अलावा रहमत शाह के साथ तीसरे विकेट के लिए 77 गेंद में 74 रन की साझेदारी की। अनुभवी स्पिनर मोहम्मद नबी को उनके तीन विकेट के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।
