इंदौर,
मध्य प्रदेश के इंदौर में चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को एक स्थानीय नेता ने खाली गुलदस्ता दिया था. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. बीजेपी ने प्रियंका गांधी को जमकर घेरा था. लेकिन अब खाली गुलदस्ते की बैकस्टोरी सामने आई है.
प्रियंका गांधी को चुनावी सभा में खाली गुलदस्ता देने वाले कांग्रेस के स्थानीय नेता का नाम देवेंद्र सिंह यादव है. देवेंद्र का कहना है कि बीते दिनों जब प्रियंका गांधी चुनावी सभा में यहां आई थीं तो मैंने प्रतीकात्मक रूप से उन्हें खाली गुलदस्ता दिया था. इसके पीछे की वजह यह है कि वह गुलदस्ता भी प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार की तरह की खाली और खोखला था.
उन्होंने कहा कि बीजेपी की मध्य प्रदेश सरकार पूरी तरह से खोखली हो गई है. वह घोटालों की सरकार है. भय, भूख और भ्रष्टाचार का बोलबाला है. जिस तरह से शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने साढ़े 18 साल में मध्य प्रदेश को खोखला कर दिया है. यही सब दर्शाने के लिए हमने प्रियंका गांधी को प्रतीकात्मक रूप से खाली गुलदस्ता दिया गया था.
बीते दिनों मध्य प्रदेश के इंदौर पहुंची प्रियंका गांधी जब चुनावी सभा को संबोधित करने मंच पर पहुंची थी तो उन्हें कांग्रेस के एक स्थानीय नेता ने उन्हें खाली गुलदस्ता भेंट किया था. इस गुलदस्ते में चंद पत्तियां थीं. जब प्रियंका की नजर खाली गुलदस्ते पर पड़ी तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि इसमें फूल ही नहीं है.
प्रियंका गांधी ने बाद में चुनावी सभा में अपने संबोधन में इस दिलचस्प वाकये का जिक्र भी किया था. उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए खाली गुलदस्ते के जुमले का इस्तेमाल भी किया था. उन्होंने कहा था कि अभी जब मैं मंच पर आई थी, तब आपने देखा होगा कि किसी व्यक्ति ने मुझे एक गुलदस्ता पकड़ाया. उस गुलदस्ते में फूल ही नहीं थे और वह खाली था. ठीक इसी तरह बीजेपी चुनाव आने पर धर्म, जाति और घोषणाओं का इसी तरह का गुलदस्ता बनाकर जनता को बार-बार दे रही है. लेकिन चुनाव के बाद आप जब यह गुलदस्ता देखते हैं, तो आपको पता चलता है कि इसमें फूल ही नहीं हैं और यह खाली और खोखला है.
