माले:
मालदीव की चीन के साथ करीबी बढ़ती जा रही है। पूरी दुनिया को दिख रहा है कि मालदीव कर्ज के जाल में फंसने वाला है। अब इसे लेकर अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने चेतावनी दी है। IMF ने कहा है कि मालदीव का कर्ज उच्च जोखिम पर है। मालदीव में राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के सत्ता में आने के बाद से ही देश चीन के करीब होने लगा है। चीन से मालदीव ने भारी उधार लिया हुआ है। पूरी दुनिया देख सकती है चीन के साथ दोस्ती से मालदीव का वही हाल होगा, जो कुछ दिनों पहले श्रीलंका का हुआ था।
देश की अर्थव्यवस्था की समीक्षा के बाद IMF ने कहा कि तत्काल पॉलिसी एडजस्टमेंट की जरूरत है। हालांकि उसने मालदीव के विदेश कर्ज की डिटेल नहीं दी है। AFP की रिपोर्ट के मुताबिक IMF ने कहा, ‘महत्वपूर्ण नीतिगत बदलावों के बिना कुल राजकोषीय घाटा और सार्वजनिक ऋण ऊंचा रहने का अनुमान है।’ यह चेतावनी तब आई है जब राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के सत्ता संभालने के बाद चीन ने मालदीव को और ज्यादा धन देने का वादा किया है।
पर्यटन पर टिका है मालदीव
मुइज्जू ने पिछले महीने चीन की यात्रा की थी। यात्रा के बाद उन्होंने विकास निधि के लिए ‘निःस्वार्थ सहायता’ देने पर चीन को धन्यवाद दिया। आईएमएफ ने कहा कि मालदीव में बाहरी और कुल ऋण का संकट उच्च जोखिम पर बना हुआ है। मालदीव अपनी सफेद रेत वाले समुद्र तटों के लिए मशहूर है। पर्यटन यहां की अर्थव्यवस्था में एक तिहाई भूमिका निभाता है। कोविड-19 महामारी के बाद हुए आर्थिक नुकसान से फिलहाल मालदीव बाहर आ गया है। लेकिन उसकी मुश्किलें नहीं खत्म हुई हैं।
