माले
अमेरिका ने कहा है कि मालदीव इंडो-पैसेफिक क्षेत्र को स्वतंत्र, सुरक्षित और समृद्ध रखने के लिए एक प्रमुख भागीदार है। अमेरिका ने कहा कि वह मालदीव के साथ सहयोग को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए सभी संभव कदम उठाएगा। भारत और मालदीव के रिश्तों में चल रहे विवाद के बीच अमेरिका की ओर से ये बयान आया है। हाल ही में मालदीव का दौरा करने वाले अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री डोनाल्ड लू की ओर से ये बात कही गई है। लू ने 29 से 31 जनवरी तक देश के नए प्रशासन और नागरिक समाज के साथ चर्चा के लिए मालदीव का दौरा किया था।
दक्षिण और मध्य एशिया के लिए अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री डोनाल्ड लू से उनकी 29-31 जनवरी की मालदीव यात्रा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, अमेरिका मालदीव के साथ सहयोग को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो एक स्वतंत्र और समृद्ध भारत-प्रशांत क्षेत्र को सुनिश्चित करने में एक प्रमुख भागीदार है। लू ने बताया कि उन्होंने माले में उन्होंने रक्षा सहयोग, आर्थिक विकास और लोकतांत्रिक शासन सहित साझा प्राथमिकताओं पर चर्चा करने के लिए मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की है।
मालदीव में अमेरिकी दूतावास पर भी चर्चा
अमेरिकी विदेश विभाग के बताया है कि उनके मंत्री डोनाल्ड लू ने मालदीव में अमेरिकी दूतावास की स्थापना पर प्रगति पर भी चर्चा की, जो दोनों देशों की साझेदारी और लोगों से लोगों के संबंधों को मजबूत करेगी। इस बीच अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने कहा है कि महामारी के बाद अब मालदीव की स्थिति मजबूत रही है क्योंकि पर्यटकों की आमद बढ़ रही है। 2024 के अनुच्छेद IV परामर्श के हाल के आर्थिक विकास, दृष्टिकोण और देश की नीति प्राथमिकताओं पर चर्चा करने के लिए पियापोर्न सोडश्रीविबून के नेतृत्व में एक आईएमएफ मिशन ने 23 जनवरी से 6 फरवरी के दौरान माले का दौरा करने के बाद ये बात कही है। सोडश्रीविबून ने कहा कि महामारी के कारण हुए प्रतिकूल प्रभाव के बाद मालदीव की अर्थव्यवस्था 2022 में 13.9 प्रतिशत बढ़ी और 2023 में 4.4 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है। इस साल यानी 2024 में ये वृद्धि 5.2 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
