22 जनवरी को मिस जापान ब्यूटी पेजेंट कॉन्टेस्ट जीतने वाली 26 साल की मॉडल कैरोलिना शिनो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यूक्रेन में जन्मी जापानी नागरिकता वाली कैरोलिना शिनो को लेकर एक मैगजीन ने बड़ा दावा किया है। रिपोर्ट के सामने आने के बाद जन्मी परिस्थितियों को देखते हुए कैरोलिना ने सिर पर ताज सजने के महज 14 दिन के अंदर ही अपने कदम पीछे खींच लिए हैं। उन्होंने न सिर्फ मिस जापान का क्राउन वापस लौटा दिया है, बल्कि इस पेजेंट से अपना नाम हटाने के साथ ही एजेंसी से भी खुद को अलग कर लिया है। इसके साथ ही उन्होंने सोशल प्लैटफॉर्म पर नोट भी साझा किया है।
फैसले से खुश नहीं थे जापान के लोग
बीबीसी के एक लेख के अनुसार, कैरोलिना का मिस जापान का खिताब जीतना लोगों को वैसे ही कुछ खास रास नहीं आ रहा था। इसकी बड़ी वजह ये थी कि वह मूल रूप से जापान की नहीं हैं। साथ ही उनके फीचर्स भी किसी भी तरह से पारंपरिक जापानी महिला जैसा नहीं दिखते हैं। ऐसे में उनके द्वारा देश का प्रतिनिधित्व किया जाना, कई लोगों को पसंद नहीं आया।
और फिर आई अफेयर की खबर
द जापान टाइम्स के अनुसार, शुकन बुनशुन नाम की एक मैगजीन ने कैरोलिना का माएदा सरनेम वाले शादीशुदा शख्स के साथ अफेयर के बारे में लेख छापा। इस लेख ने सभी जगह सनसनी मचा था। शुरुआत में ब्यूटी पेजेंट के आयोजकों ने कैरोलिना का बचाव करते हुए बयान जारी किया कि उनको नहीं पता था कि वो आदमी शादीशुदा है।
सबकुछ जानते हुए भी रखा अफेयर
हालांकि, बाद में ऑर्गनाइजर ने एक अन्य स्टेटमेंट में बताया कि कैरोलिना ने स्वीकार किया है कि वो जानती थीं कि डॉक्टर शादीशुदा है और उसका अपना एक परिवार है। उन्होंने आयोजकों को गुमराह करने के लिए माफी भी मांगी। इसके बाद कैरोलिना ने सोशल मीडिया पर भी माफी मांगते हुए पोस्ट साझा की। इस पोस्ट में उन्होंने बताया कि उन्होंने अपना क्राउन लौटाने के साथ ही एजेंसी से भी खुद को अलग कर लिया है।
