नई दिल्ली
होली के ठीक दूसरे दिन यानी 26 मार्च को दिल्ली में ट्रैफिक जाम की समस्या देखने को मिल सकती है। खासकर अगर आप नई दिल्ली जाने वाले हैं या वहां से होकर गुजरने वाले हैं, तो दिक्कत हो सकती है। दरअसल, आम आदमी पार्टी ने सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में कल पीएम आवास के घेराव का ऐलान किया है। इसे देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से नई दिल्ली के कई रास्तों से ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर कुछ मेट्रो स्टेशनों को भी बंद किया जा सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में एडवाइजरी भी जारी की है।
आम आदमी पार्टी करेगी पीएम आवास का घेराव
होली के दूसरे दिन कई लोग दफ्तर के लिए निकलेंगे। कुछ सड़क मार्ग तो कुछ मेट्रो के सहारे जाएंगे। ऐसे में घर से निकलने से पहले दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। आम आदमी पार्टी ने 26 मार्च को प्रधानमंत्री आवास के घेराव का फैसला किया है। दिल्ली शराब घोटाला मामले में फंसे सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से आप के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस इसे देखते हुए रूट डायवर्जन के साथ पटेल चौक, उद्योग भवन, केंद्रीय सचिवालय, लोक कल्याण मार्ग का मेट्रो स्टेशनों को भी बंद करवा सकती है। आप की प्रेस रिलीज के मुताबिक, सुबह 10 बजे पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के पास इकट्ठे होगी। वहां से पीएम आवास का घेराव करने के लिए निकलेगी।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सलाह दी कि यात्रियों से अनुरोध है कि यदि संभव हो तो उपरोक्त सड़कों से बचने/बायपास करके सहयोग करें और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का अधिकतम उपयोग करें। जो लोग आईएसबीटी/रेलवे स्टेशनों/इंदिरा गांधी हवाई अड्डे की ओर जा रहे हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे पर्याप्त समय लेकर ही घर से चलें।
