नई दिल्ली
क्रिकेट के खेल में एक बल्लेबाज 10 से ज्यादा तरीकों से आउट हो सकता है। इसमें प्रमुख बोल्ड, कैच, एलबीडब्ल्यू, स्टंप और रन आउट है। इन आउट होने से तरीके में रन आउट ऐसा है, जिसमें बल्लेबाज को अपनी गलती के बिना भी पवेलियन लौटना पड़ता है। कई बार साथी खिलाड़ी के साथ तालमेल खराब होने की वजह से बल्लेबाज रन आउट होता है तो कई बार तो किसी की गलती से बिना भी उसे रन आउट होना पड़ता है।
शाई होप हुए रन आउट
अरुण जेटली स्टेडियम पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ भिड़ रही है। इस मैच में दिल्ली के बल्लेबाज शाई होप काफी अनलकी रहे। 5वें ओवर की पहली गेंद पर संदीप शर्मा के खिलाफ अभिषेक पोरेल ने सामने की तरफ शॉट खेला। गेंद को संदीप शर्मा ने रोकने की कोशिश की लेकिन उनके हाथ में लगकर विकेट की तरफ चली गई। इस समय शाई होप क्रीज के आगे बढ़त चुके थे और उन्हें रन आउट होना पड़ा। उन्होंने सिर्फ एक गेंद पर एक रन बनाए।
दिल्ली को जीतने होंगे सभी मैच
दिल्ली कैपिटल्स की टीम अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। हालांकि इसके बाद भी उसके अंतिम चार में जाने की उम्मीद काफी कम है। दिल्ली को प्लेऑफ में जाने के लिए अपने सभी मैच जीतने होंगे। इससे टीम के 16 पॉइंट हो जाएंगे। इसके साथ ही उम्मीद करनी होगी कि चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स में से कोई दो टीम 16 पॉइंट तक नहीं पहुंचे। क्योंकि दिल्ली के नेट रनरेट भी इन सभी टीम से खराब है।
