श्योपुर ,
लोकसभा चुनावों के बीच गत 30 अप्रैल को कांग्रेस पार्टी छोड़ BJP में शामिल हुए कद्दावर नेता और श्योपुर जिले के विजयपुर विधायक रामनिवास रावत ने उठ रहे तमाम सवालों का जवाब दिया है. MLA का कहना है कि विधानसभा से इस्तीफा देने के लिए किसी से पूछकर मुहूर्त थोड़ी निकलवाऊंगा.
BJP दफ्तर पहुंचकर विधायक रामनिवास रावत ने एक प्रेस वार्ता ली. इस दौरान कहा, ”मैं जो किया सबके सामने है. मैंने खुद मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित बड़े नेताओं को बुलाकर बीजेपी जॉइन की है. मेरे विधानसभा से इस्तीफे की लोगों को चिंता नहीं करनी चाहिए. मैंने जब पार्टी जॉइन की सबको पता लगा और जब इस्तीफा दूंगा तो सबकी जानकारी में आ जाएगा. किसी से पूछकर मुहूर्त थोड़ी ही निकलवाऊंगा.”
6 बार के विधायक रामनिवास रावत पिछले दिनों 30 अप्रैल को एक जनसभा में सीएम डॉ मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और डॉ नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी में बीजेपी की सदस्यता ले चुके हैं. लेकिन दलबदल कानून के तहत अब उन्हें विधानसभा से इस्तीफा देना है. ऐसे में आए दिन मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि वे कब इस्तीफा देंगे और कुछ खबरों में कहा जा रहा है कि उन्होंने बीजेपी सदस्यता नहीं ली. इसी चर्चा को शांत करने रावत मीडिया के सामने आए और उन्होंने सभी बातों पर खुलकर जवाब दिया.
रामनिवास रावत ने प्रेस वार्ता में भी दोहराया, ”मैंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है और यहां भाजपा कार्यालय पर बैठा हूं. इससे बड़ी और क्या बात हो सकती है. रावत ने कहा कि विजयपुर में मैंने ही कार्यक्रम आयोजित किया और सबके सामने भाजपा की सदस्यता ली.”बता दें कि रामनिवास रावत को लेकर एक मीडिया रिपोर्ट वायरल हो रही है. यही वजह है कि रावत को पत्रकारों के सामने आकर बीजेपी की सदस्यता लेने और विधानसभा से इस्तीफा देने के सवालों का जवाब देना पड़ा है.
