वॉशिंगटन:
चीन से उत्पन्न होने वाले कथित खतरों का मुकाबला करने के लिए दुनिया के 26 देश एक साथ आए हैं। ये देश दुनिया के सबसे बड़े नौसैनिक अभ्यास को भी अंजाम देंगे। इस अभ्यास का नाम एक्सरसाइज रिम ऑफ द पैसिफिक (RIMPAC) है। RIMPAC 2024 का आयोजन इस साल हवाई में हो रहा है। इस अभ्यास में ऑस्ट्रेलिया, ब्रुनेई, कनाडा, चिली, कोलंबिया, डेनमार्क, इक्वाडोर, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इज़राइल, जापान, मलेशिया, मैक्सिको, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, पेरू, कोरिया गणराज्य, फिलीपींस, सिंगापुर , श्रीलंका, थाईलैंड, टोंगा, यू.के., और यू.एस की नौसेनाएं शामिल होंगी।
रिमपैक 2024 की थीम क्या है
इस साल रिमपैक 2024 की थीम “साझेदार: एकीकृत और तैयार” है। इसे यह बताने का प्रयास माना जाता है कि रिमपैक न केवल कई देशों को एक साथ लाने के लिए बनाया गया एक अभ्यास है, बल्कि एक ऐसा आयोजन भी है जो अपने प्रतिभागियों को प्रत्येक देश की प्रशिक्षण और आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए आवश्यक संबंधों और साझेदारी को विकसित करने का अवसर देता है।
हर दो साल में आयोजित होता है यह अभ्यास
RIMPAC समन्वयक रॉयल ऑस्ट्रेलियन नेवी लेफ्टिनेंट कमांडर टिमोथी गिल के अनुसार, “राष्ट्रों के बीच साझेदारी के साथ जबरदस्त वृद्धि हुई है।” उन्होंने कहा, “हमारे पास ऐसे और भी राष्ट्र हैं जो हमारे साथ जुड़ना चाहते हैं, हमारे साथ प्रशिक्षण लेना चाहते हैं, और एक इकाई के रूप में सभी देशों के साथ प्रशिक्षण लेना चाहते हैं। हम सभी समुद्री सुरक्षा और संरक्षा के एक ही लक्ष्य पर केंद्रित हैं।” रिमपैक, जो हर दो साल में हवाई और उसके आसपास होता है, दुनिया का सबसे बड़ा नौसैनिक युद्धाभ्यास माना जाता है।
