16.4 C
London
Tuesday, May 5, 2026
Homeखेललोग सजदे में सिर झुका रहे थे और वो... माफ करना रोहित...

लोग सजदे में सिर झुका रहे थे और वो… माफ करना रोहित शर्मा उन्हें तुम्हारी कीमत पता नहीं!

Published on

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में जब वो आउट होकर बोझिल कदमों से लौट रहे थे तो सीना ताने हुए थे। चेहरे पर अजीब खामोशी थी। दुनिया देख रही थी। हर कदम पर शाबाशी दे रही थी। स्टेडियम में मौजूद तमाशबीन सजदे में सिर झुका रहे थे। स्टैंडिंग ओवेशन दे रहे थे। लेकिन, समझ नहीं आ रहा है कि उसके हर कदम पवेलियन की ओर लौट रहे थे या फिर उस टीम से दूर जा रहे थे, जिसके लिए उसने सब कुछ अपना न्यौछावर कर दिया। जिसकी खुशी में कभी दीवाना हुआ तो कभी गम में रोया। अब शायद ही उस ब्लू जर्सी में दिखे, जिसे उसने बनाया, जिससे वह खुद बना।

खैर, ये फ्रेंचाइजी क्रिकेट है। यहां बिजनसमैन मीना बाजार लगाते हैं। करोड़ों में खिलाड़ी को खरीदते हैं, खिलाते हैं, हर गेंद पर छक्का चाहते हैं, हर गेंद पर विकेट चाहते हैं। अगर ऐसा नहीं होता है तो मनमाना व्यवहार करते हैं। रोस टेलर (राजस्थान रॉयल्स), राहुल द्रविड़ (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु), डेविड वॉर्नर (सनराइजर्स हैदराबाद), एमएस धोनी (पुणे सुपर जायंट्स), केएल राहुल (लखनऊ सुपर जायंट्स)… बहुत से ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने शायद अपना मामला पब्लिक में नहीं आने दिया, लेकिन देखा जाए तो अकूत दौलत वाले बिजनसमैन पैशन के नाम पर क्रिकेट को अपनी फैंटेसी समझते हैं।

जब भारत में क्रिकेट का उदय हो रहा था तो राजा-महाराजा कप्तान हुआ करते थे। वो पैसा (आज के समय में स्पॉन्सर) लगाते थे और खुद कप्तान बनते थे। मनमाने तरीके से टीम चलाते थे। मुंबई इंडियंस और रोहित शर्मा के मामले में रवि शास्त्री की बात उसी ओर इशारा करती है। पूर्व कोच-क्रिकेटर और बेबाक कॉमेंटेटर रवि शास्त्री ने कहा था कि वे मालिक हैं। वे मोटी रकम खर्च करते हैं। उन्हें हक है अपना कप्तान चुनने का। बात भी सही है। रोहित शर्मा को भी करोड़ों मिलते हैं, लेकिन जो इस खेल के फैन हैं, जिन्होंने इस खेल को टॉप पर पहुंचाया है, उन्हें इस तरह का व्यवहार खटकता है।

स्ट्राइक रेट पर भले ही फैन केएल राहुल के खिलाफ हों, लेकिन वे कभी भी लखनऊ के मालिक संजीव गोयनका के व्यवहार का समर्थन नहीं करेंगे। वे उम्मीद करते हैं कि किसी भी खिलाड़ी के साथ बेहतर व्यवहार किया जाना चाहिए। केएल राहुल सिर्फ लखनऊ के खिलाड़ी नहीं हैं। वह भारत के खिलाड़ी भी हैं। कुछ ऐसा ही है रोहित के साथ है। जब आप रोहित की बात करते हैं तो नेशनल टीम के कप्तान की बात होती है। हालांकि, देखा जाए तो रोहित के साथ मुंबई इंडियंस के मालिक की ओर से पब्लिकली ऐसा कोई व्यवहार नहीं किया गया, जिससे उनकी आलोचना हो, लेकिन हार्दिक पंड्या को जिस तरह से विरासत सौंपी गई वो अपने आप में माहौल को जहरीला बनाने जैसा था।

कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मैच में रोहित विपक्षी खेमे में बैठे नजर आए। अपने जिगरी यार अभिषेक नायर से टीम के बारे में जिस तरह से बात करते दिखे उसके अलावा भी मैदान पर जो कुछ हुआ उसे देखकर आसानी से समझा जा सकता है कि रोहित कैसा महसूस करते होंगे। एक ओर जहां चेन्नई सुपर किंग्स एमएस धोनी को आखिरी दम तक अपने साथ जोड़े रखना चाहती है तो दूसरी ओर आरसीबी कोई ट्रॉफी नहीं जीत पाने के बावजूद विराट कोहली को अपना पोस्टर बॉय बनाए हुए है। वहीं, मुंबई इंडियंस ने अपने सबसे सफल कप्तान और बल्लेबाज को हार्दिक पंड्या से एक झटके में रिप्लेस कर दिया। टीम को मुश्किल में फंसते देख कई बार रोहित कप्तानी मूड में आए और टीम को जितवाते दिखे तो आखिरी के कुछ मैचों में हार्दिक ने उन्हें इंम्पैक्ट प्लेयर बनाकर ड्रेसिंग रूम में बैठने को मजबूर कर दिया।

यह वही, हार्दिक पंड्या हैं, जो पिछले सीजन तक यह कहते फिर रहे थे कि मुंबई इंडियंस क्रीम खिलाड़ियों (अच्छे खिलाड़ी) को चुनती है और उनके दम पर ट्रॉफी जीतती है। टीम में हार्दिक के अलावा जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन सहित तमाम स्टार खिलाड़ी थे, जिनके दम पर कोई भी टीम चैंपियन बन सकती है। हालांकि, वह यह कमाल नहीं कर सके। वह भूल गए कि जब मुंबई ने उन्हें चुना था तो कप्तान रोहित शर्मा थे। वह रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस से भारतीय टीम तक में खेले और कुछ ही दिन बाद टी-20 विश्व कप में खेलेंगे भी। खैर, रोहित शर्मा को एक खिलाड़ी भर कह देना शायद ठीक नहीं होगा। वह एक कप्तान हैं, इमोशन हैं… और माफ करना मुंबई इंडियंस आप उन्हें टीम में रखो या मत रखो, फैंस की नजरों में वो आज भी मुंबईचा राजा हैं, कल भी मुंबईचा राजा रहेंगे। यकीन मानिए 5 आईपीएल ट्रॉफी विनर कप्तान भर कह देने से रोहित शर्मा परिभाषित नहीं होते। यह कुछ देर की खामोशी है… जलजला आना बाकी है…!

Latest articles

मप्र के कई जिलों में बारिश, डिंडौरी में ओले गिरे-टीन शेड उड़े, 39 जिलों में अलर्ट

भोपाल। मप्र में मंगलवार सुबह से धार, बड़वानी, झाबुआ सहित कई जिलों में बारिश...

चीन के हुनान में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 21 की मौत, 61 लोग घायल

बीजिंग। मध्य चीन के हुनान प्रांत से एक बेहद दर्दनाक और खौफनाक खबर सामने...

बंगाल में नई सरकार का शपथग्रहण 9 मई को, सीएम चेहरे पर सस्पेंस बरकरार!

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनाव के...

भारतीय राजनीति के कई पुराने किले ढहे, बंगाल में दीदी तो तमिलनाडु में स्टालिन हारे, शुभेंदु और विजय का चला जादू

नई दिल्ली। चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के चुनावी नतीजे लगभग साफ...

More like this

बीएचईएल स्पोर्ट्स क्लब में 8वीं मप्र राज्य मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ

भोपाल। 8वीं मप्र राज्य मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ भेल खेल प्राधिकरण बैडमिंटन कोर्ट, बरखेड़ा...

टी-20 वर्ल्ड कप: भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब जीता

अहमदाबाद। भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से...