गुना,
गुना में मॉर्निंग वॉक के लिए घर से बाहर निकली महिला के साथ लूटपाट की घटना घटित हो गई. महिला सुमन किरार सुबह 6.30 बजे अपने घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थी तभी एक बदमाश ने महिला का पीछा करना शुरू कर दिया. बदमाश ने काफी समय तक महिला का पीछा किया. इसी दौरान जब महिला एक सूनसान गली में पहुंची तो बदमाश ने महिला के गले से सोने की चेन खींच ली और रफूचक्कर हो गया.
आरोपी इतना शातिर था कि उसने CCTV कैमरों की नजर से बचने के लिए अपने सिर पर टोपी पहन रखी थी और चेहरे को मास्क से ढंक रखा था. सोने की चेन लूटने से पहले बदमाश ने भी महिला के पीछे-पीछे काफी दूर तक मॉर्निंग वॉक की, जिसकी तस्वीरें CCTV में कैद हो गई हैं.
आरोपी ने सुबह 7 बजे महिला की चेन लूट ली और फरार हो गया. इस दौरान महिला ने मदद भी मांगी लेकिन कॉलोनी में किसी के दरवाजे नहीं खुले. सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले तो पता चला कि बदमाश पैदल पैदल महिला का पीछा कर रहा था. काफी देर तक पैदल चलने के बाद बदमाश मौके की तलाश में था. तभी महिला एक सुनसान गली में मुड़ गई तो बदमाश ने मौके का फायदा उठाकर लूट की घटना को अंजाम दे दिया.
टीआई अनूप भार्गव ने बताया कि आरोपी की धरपकड़ के लिए सायबर सेल का सहारा लिया जा रहा है. जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा. पुलिस ने बताया कि मॉर्निंग वॉक के दौरान सूनसान इलाकों में जाने से बचना चाहिए.
