कानपुर:
यूपी के कानपुर से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मंगलवार शाम कुछ महिलाएं हाईवे क्रॉस कर रहीं थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार मारूती इको कार ने महिलाओं को टक्कर मार दी। सड़क हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक महिला और बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है।
महिलाओं को टक्कर मारने के बाद कार भी अनियंत्रित होकर पलट गई। जानकारी के मुताबिक कार में भी चार से पांच सवारियां बैठीं थीं। कार सवार सवारियां भी घायल हो गईं। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा है। इस घटना के बाद चारो तरफ चीख-पुकार मच गई। हाइवे के दोनों तरफ जाम लग गया।
तीन महिलाओं की मौत
महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित हाथीपुर गांव फ्लाई ओवर के पास कानपुर की तरफ से जा रही इको कार ने सड़क पार रहीं महिलाओं को टक्कर मार दी। इसमें से चार महिलाएं और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की सूचना पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।
एक महिला-बच्ची की हालत गंभीर
डीसीपी ईस्ट एसके सिंह के मुताबिक महाराजपुर में एक्सीडेंट की सूचना मिली है। थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे हैं। मारूती इको कार ने महिलाओं को टक्कर मारी है, जिसमें महिलाओं को गंभीर चोटें आईं थीं। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई है। मृत महिलाओं की शिनाख्त की जा रही है। एक महिला और बच्ची को उपचार के लिए हैलट भेज गया है।
