भोपाल,
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में बीयर पीने के बाद विशेष सशस्त्र बल के दो जवानों की मौत हो गई. दोनों जवानों ने गत 25 मई की रात बीयर खरीदकर पी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और 26 मई को उनकी मौत हो गई. मृतक 55 वर्षीय हेड कांस्टेबल धनीराम उइके की ड्यूटी ओवर हो चुकी थी और 54 वर्षीय कांस्टेबल प्रेमलाल काकोडिया रात 8 बजे से आधी रात तक एसएएफ यूनिट कमांडर के बंगले की रखवाली कर रहे थे.
एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक हेड कांस्टेबल धनीराम के स्कूटर में बीयर के दो कैन, दो गिलास और एक पैकेट मिला जिसमें कुछ पाउडर था. छिंदवाड़ा के एसपी मनीष खत्री के मुताबिक कांस्टेबल प्रेमलाल ने मौत से पहले पुलिस को दिए बयान में कहा, ‘धनीराम रात 9 बजे के आसपास बीयर लाया था. हम दोनों ने एसएएफ यूनिट कमांडर के बंगले के बाहर बीयर पी. वहां कोई तीसरा व्यक्ति नहीं था.’ पुलिस सूत्रों के मुताबिक बीयर पीने के बाद धनीराम और प्रेमलाल को खूब उल्टियां हुईं. उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया.
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने आगे कहा, ‘बीयर पीने के बाद कांस्टेबल प्रेमलाल अपनी ड्यूटी पर लग गए और हेड कांस्टेबल धनीराम घर लौट आए. जल्द ही दोनों बीमार पड़ गये. अस्पताल ले जाते समय धनीराम की मौत हो गई. प्रेमलाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई.’ पुलिस ने कहा कि प्रेमलाल को रविवार सुबह करीब पांच बजे होश आया और उन्होंने मौत से पहले अपना बयान दर्ज कराया. पुलिस सूत्रों की माने तो बीयर की कैन एवं गिलास से सल्फास (जहरीला रसायन) की बदबू आ रही थी, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है.
पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह का पता चल पाएगा. वहीं पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि क्या दोनों ने बीयर में खुद सल्फास मिलाकर खुदकुपीकर शी की है या फिर उन्हें किसी ने बीयर में जहर मिलाकर पिलाया है. पुलिस अधिकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही इसपर टिप्पणी करने की बात कह रहे हैं. छिंदवाड़ा के एसपी मनीष खत्री ने कहा, ‘क्या उनमें से किसी ने कोई जहरीला पदार्थ मिलाया, या उन्होंने ऐसा आपसी सहमति से किया, या किसी अन्य केमिकल के कारण उनकी मौत हुई, यह जांच के बाद स्पष्ट हो जाएगा. हमने फॉरेंसिक जांच के लिए बीयर कैन और दोनों पीड़ितों के उल्टी का सैंपल एकत्र किया है.’
