रायबरेली
लोकसभा चुनाव 2024 में यूपी में इंडिया गठबंधन (सपा-कांग्रेस) को 46 सीटें मिली हैं। बीजेपी और उसकी सहयोगी पार्टियों को 36 सीटें मिली हैं। 2019 में राहुल गांधी अमेठी से हार गए थे, इस बार किशोरी लाल शर्मा ने स्मृति ईरानी को हरा कर हिसाब बराबर कर लिया। वहीं, राहुल गांधी रायबरेली से जीते हैं। मंगलवार को रायबरेली की जनता का आभार जताने के लिए राहुल गांधी और प्रियंका गाधी पहुंचीं। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि हम चाहते थे कि बहन प्रियंका गांधी पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव लड़े, मेरी बहन अगर वाराणसी से चुनाव लड़ गई होती, तो आज देश के प्रधानमंत्री 2 या 3 लाख वोटों से हारते।
राहुल गांधी मंगलवार को रायबरेली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रायबरेली की जनता का धन्यवाद किया। रायबरेली में आयोजित आभार सभा में क्षेत्रीय सांसद राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने इस लोकसभा चुनाव में नफरत, हिंसा और अहंकार के खिलाफ जमकर वोट दिया।
प्रियंका गांधी ने जताया जनता का आभार
वहीं, प्रियंका गांधी ने कहा कि रायबरेली और अमेठी के एक-एक कार्यकर्ता, नेता और आप सबको दिल से बहुत-बहुत बधाई। आपने कठिन से कठिन परिस्थिति में लड़ाई लड़ी। इस चुनाव में सबने बहुत मेहनत की। मेरे समाजवादी पार्टी के सभी साथियों ने एकजुटता दिखाकर ये चुनाव लड़ा। हमने यहां एक सेना बनाई और आपकी मजबूती से हमने रायबरेली और अमेठी में जीत हासिल की। आपने पूरे देश में ये संदेश भेजा कि हमें देश में एक सच्ची और समर्पित राजनीति चाहिए। आप सबको बहुत-बहुत धन्यवाद।
