फर्रुखाबाद,
यूपी के फर्रुखाबाद में एक कार की दूसरे वाहन से टक्कर हो गई जिसमें एक साधु समेत दो लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि घटना राजेपुर थाना क्षेत्र में हुई है. न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक मध्य प्रदेश के दतिया निवासी और पंचनाम जूना अखाड़े के महंत मनोज भारती बाबा गंगा दशहरा के मौके पर पवित्र स्नान करने के लिए शनिवार रात अपनी कार से रवाना हुए थे.
अधिकारी ने बताया कि राजेपुर थाना क्षेत्र के गांधी गांव के पास एक तेज रफ्तार वाहन से कार की आमने-सामने टक्कर हो गई. पुलिस ने कहा कि गुरु और अन्य दो घायलों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां साधु और उनके ड्राइवर मोती उर्फ रिंकू (45) को मृत घोषित कर दिया गया.
उन्होंने बताया कि एक अन्य घायल साधु कृष्णा भारती का इलाज चल रहा है. थाना प्रभारी रणविजय सिंह ने बताया कि तीनों लोगों को गंभीर हालत में कार से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने गुरु समेत दो लोगों को मृत घोषित कर दिया.उन्होंने बताया कि एक अन्य घायल है जिसका इलाज चल रहा है. गुरु के एक शिष्य ने बताया कि साधु गंगा दशहरा के अवसर पर स्नान करने जा रहे थे.
