फतेहपुर,
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में दो घरों में अचानक आग लग गई. आग की लपटें उठीं तो हड़कंप मच गया. घटना के बारे में तुरंत सूचना फायर ब्रिगेड के साथ ही पुलिस को दी गई. जानकारी मिलते ही टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया. लोगों का कहना है कि आग से लाखों का सामान जल गया.
जानकारी के अनुसार, यह घटना खखरेरू थाना क्षेत्र के बदनमऊ गांव की है. यहां सुबह के समय अज्ञात कारणों से दो घरों में आग लगी. लपटें इतनी तेज थीं कि ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
घटना के कारण दोनों घरों में लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया. वहीं पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट X के माध्यम से बताया कि ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है. अन्य आवश्यक कार्यवाही की जा रही है.
मिर्जापुर में पाइप के गोदाम में लगी भीषण आग
यूपी के मिर्जापुर में भी आग लगने की घटना हुई है. यहां प्लास्टिक के पाइप के गोदाम में भीषण आग लग गई. आग की वजह से गोदाम के बाउंड्री में रखा प्लास्टिक का पाइप जलकर खाक हो गया. यहां शहर के देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के भरुहना स्थित प्लास्टिक पाइप की गोदाम में ये घटना हुई. आग की वजह से अफरातफरी मच गई.
जिन पाइप में आग लगी, वे पेयजल योजना में इस्तेमाल के लिए लाए गए थे और गोदाम की बाउंड्री में रखे थे. स्थानीय लोगों का कहना है कि इन प्लास्टिक पाइप के पास किसी ने सिगरेट पीकर फेंक दी. भीषण गर्मी की वजह से इनमें आग लग गई. सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. आग की वजह से लाखों के प्लास्टिक खाक हो गए.
