नई दिल्ली,
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपना ‘परम मित्र’ बताया है. पुतिन ने पीएम से अपने डाच या ये कहें कि अपने हॉलिडे होम में मुलाकात की है. पुतिन यहां पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी का इंतजार कर रहे थे. जब पीएम पहुंचे तो पुतिन ने बाहें फैलाकर उनका स्वागत किया और दोनों नेता फिर गले भी मिले.
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को निमंत्रण भेजा था, जहां दोनों नेता मंगलवार को भारत-रूस के बीच 22वें वार्षिक शिखर सम्मेलन में बैठक करेंगे. इस द्विपक्षीय बातचीत में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होनी है. इससे पहले आज जब दोनों नेता मिले तो उनकी करीबी दोस्ती भी साफ नजर आई.
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ऐसे किया पीएम का स्वागत
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, “आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, परम मित्र आपका हार्दिक स्वागत है. आपको देखकर मुझे बड़ी खुशी हुई. (हमारे बीच) औपचारिक बातचीत कल होने वाली है.” राष्ट्रपति पुतिन ने मुस्कुराते हुए कहा, “आज अनौपचारिक रूप से घर जैसे माहौल में हम उसी मामले पर बात कर सकते हैं.”
Gratitude to President Putin for hosting me at Novo-Ogaryovo this evening. Looking forward to our talks tomorrow as well, which will surely go a long way in further cementing the bonds of friendship between India and Russia. pic.twitter.com/eDdgDr0USZ
— Narendra Modi (@narendramodi) July 8, 2024
पीएम मोदी ने पुतिन का जताया आभार
प्रधानमंत्री मोदी ने भी पुतिन के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया साइट एक्स पर शेयर की. उन्होंने लिखा, “आज शाम नोवो-ओगारियोवो में मेरी मेजबानी करने के लिए राष्ट्रपति पुतिन का आभार. कल की हमारी वार्ता का भी बेसब्री से इंतजार है, जो निश्चित रूप से भारत और रूस के बीच दोस्ती के बंधन को और मजबूत करने में काफी मददगार साबित होगी.”
पुतिन ने आधिकारिक आवास में की पीएम मोदी से मुलाकात
पीएम मोदी और पुतिन की मुलाकात की विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी एक्स पर कुछ तस्वीरें शेयर की. उन्होंने कहा, “दो करीबी दोस्तों और विश्वसनीय भागीदारों की मुलाकात. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक निजी कार्यक्रम के लिए नोवो-ओगारियोवो में अपने आधिकारिक निवास पर पीएम नरेंद्र मोदी का स्वागत किया.”
पुतिन के निमंत्रण पर पीएम मोदी का रूस दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब पांच साल में पहली बार रूस पहुंचे हैं. यह तीसरे कार्यकाल की उनकी दूसरी विदेश यात्रा है. प्रधानमंत्री भारतीय समयानुसार शाम 5 बजे मॉस्को पहुंचे थे. यहां वणुकोवो-II इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर प्रधानंत्री का रूस के प्रथम डिप्टी प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव ने स्वागत किया. इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. प्रधानमंत्री से मुलाकात के लिए एयरपोर्ट पर मॉस्को स्थित केंद्रीय विद्यालय के स्टूडेंट्स भी पहुंचे. बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय भी पीएम के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे. प्रधानमंत्री ने इस दौरान कुछ स्टूडेंट्स से दो टूक बात भी की.
