नई दिल्ली
रूस के बाद अब इन दिनों पीएम मोदी ऑस्ट्रिया के दौरे पर हैं। ऑस्ट्रिया के अपने इस दौरे के दौरान पीएम मोदी आज अलग- अलग कार्यक्रम में शिरकत की और लोगों से मुलाकात की। आज पीएम मोदी ने वियना में प्रोफेसर बिरगिट केलनर, डॉ. मार्टिन गेन्स्जले, डॉ. करिन प्रीसेन्डान्ज़ और डॉ. बोरायिन लारियोस से भी मिले। जिसकी तस्वीर उन्होंने एक्स पर शेयर की। पीएम मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा- मुझे प्रोफेसर बिरगिट केलनर, डॉ. मार्टिन गेन्स्ज़ले, डॉ. करिन प्रीसेन्डान्ज और डॉ. बोरायिन लारियोस से मिलने का अवसर मिला। ये सभी सम्मानित शिक्षाविद और शोधकर्ता हैं जिन्होंने भारतीय इतिहास और संस्कृति के पहलुओं का अध्ययन करने के लिए बहुत प्रयास किया है। उनकी व्यापक अंतर्दृष्टि सुनना अद्भुत था। मैं पूरी दुनिया में भारतीय संस्कृति को लोकप्रिय बनाने में उनकी भूमिका के लिए उनकी सराहना करता हूं।
नोबेल पुरस्कार विजेता ने PM मोदी से की मुलाकात
इसके साथ ही आज पीएम मोदी से नोबेल पुरस्कार विजेता ऑस्ट्रियाई भौतिक विज्ञानी एंटोन जिलिंगर ने मुलाकात की। इस मुलाकात की भी एक तस्वीर पीएम मोदी ने एक्स पर शेयर की है। वहीं पीएम मोदी से मिलने के बाद भौतिक विज्ञानी एंटोन जिलिंगर ने कहा हमने क्वांटम सूचना और क्वांटम प्रौद्योगिकियों की संभावनाओं और आध्यात्मिकता के बारे में भी चर्चा की।
‘पीएम मोदी बहुत आध्यात्मिक व्यक्ति हैं’
मैंने अनुभव किया कि पीएम मोदी बहुत आध्यात्मिक व्यक्ति हैं और मुझे लगता है कि यही वह विशेषता है जो आज दुनिया के कई नेताओं में होनी चाहिए।इससे पहले पीएम मोदी और ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर ने मुलाकात की थी। इस मुलाकात के मौके पर पीएम मोदी ने भारत-ऑस्ट्रिया संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री कहा कि यह युद्ध का समय नहीं है। उन्होंने कहा कि चांसलर नेहमर और मैंने दुनिया में चल रहे सभी विवादों पर विस्तार से चर्चा की है, चाहे वह यूक्रेन में संघर्ष हो या पश्चिम एशिया की स्थिति हो। पीएम मोदी ने कहा कि मैंने पहले भी कहा है कि यह युद्ध का समय नहीं है। हम दोनों देश आतंकवाद की कड़ी निंदा करते हैं। हम सहमत हैं कि आतंकवाद किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। इसे किसी भी तरह से उचित नहीं ठहराया जा सकता।
उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान रणभूमि नहीं हो सकता है। कहीं भी हो, मासूम लोगों की जान की हानि स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रिया शांति तथा स्थिरता की जल्द से जल्द बहाली के लिए संवाद और कूटनीति पर बल देते हैं। इसके लिए हम दोनों मिलकर हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार हैं।इसके बाद पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि चांसलर कार्ल नेहमर के साथ एक उत्कृष्ट बैठक हुई। ऑस्ट्रिया की यह यात्रा बेहद खास है क्योंकि कई दशकों के बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री इस अद्भुत देश का दौरा कर रहा है। यह वह समय भी है जब हम भारत-ऑस्ट्रिया मित्रता के 75 वर्ष पूरे कर रहे हैं।
