नई दिल्ली,
पिछले 10 महीने से गाजा में हमास और इजरायल के बीच जंग जारी है. हर रोज इजरायली सेना गाजा के किसी न किसी इलाके में भीषण हमले कर रही है. इसमें बेकसूर फिलिस्तीनी मारे जा रहे हैं. ताजा हवाई हमला सेंट्रल गाजा के दीर अल बलाह में स्थित एक स्कूल पर हुआ है. इसमें कम से कम 30 फिलिस्तीनी मारे गए है, जबकि 100 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
इस हमले के बाद इजरायली सेना ने कहा कि उसने हमास कमांड सेंटर को निशाना बनाया है. गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि आईडीएफ ने दीर अल बलाह में स्कूल पर जबरदस्त हवाई हमला किया है, जिसमें 30 लोग मारे गए, जिसमें बच्चों की संख्या ज्यादा है. यह हमला वहां हुआ है, जो विस्थापित परिवारों की सबसे अधिक आबादी वाले क्षेत्रों में से एक है.
गाजा से बरामद किए गए पांच इजरायली नागरिकों के शव
दूसरी तरफ आईडीएफ ने गाजा से पांच इजरायली नागरिकों के शव बरामद किए हैं. इनको हमास ने बीते साल दक्षिणी इजरायल पर हमले के दौरान बंधक बना लिया था. जिन इजरायली बंधकों के शव मिले हैं, उनकी पहचान टीचर माया गोरेन, इजरायली सेना के मेजर रविद काट्ज़, मास्टर सार्जेंट ओरेन गोल्डिन, स्टाफ सार्जेंट टोमर अहिमास और सार्जेंट किरिल ब्रोडस्की के रूप में हुई है.
इजरायली सेना का कहना है कि बंधकों के शवों को खान यूनिस में एक ऑपरेशन के दौरान बरामद किया गया. आईडीएफ प्रवक्ता डैनियल हगारी ने कहा, ”खान यूनिस में खुफिया जानकारी के आधार पर सेना ने ऑपरेशन चलाया, जिसमें 5 इजरायली बंधकों के शव मिले हैं. इनको 7 अक्टूबर को अगवा किया गया था, तब से वे गाजा में बंदी थे. सभी शवों को इजरायल भेज दिया गया है.”
हमास के कब्जे में अभी भी हैं 111 इजरायली नागरिक
इसके साथ ही इजरायली सेना के प्रवक्ता ने कहा कि टीचर गोरेन की हत्या कैद के दौरान की गई होगी. वहीं सेना के मेजर की मौत 7 अक्टूबर को हमले के दौरान हुई होगी और बाद में उनके शव को हमास ने रख लिया होगा. इजरायली सेना ने बंधकों को लेकर नई जानकारी भी दी है. इसके साथ ही बताया है कि बंधक बनाए गए 251 लोगों में से 111 लोग अभी भी हमास के कब्ज़े में है.
उधर, अमेरिका की अपनी यात्रा के पांचवें दिन इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने उनके फ्लोरिडा के आवास पर पहुंचे. वहां रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने नेतन्याहू का गर्मजोशी से स्वागत किया. दोनों नेताओं के बीच बैठक हुई. इसमें गाजा में हमास की कैद से इजरायली बंधकों की रिहाई सहित कई मुद्दों पर बातचीत हुई.
