नई दिल्ली
पति की मौत हो जाए तो महिला पर वैसे ही मुसीबतों की पहाड़ टूट पड़ता है, मगर दिल्ली में एक महिला के साथ पति की मौत के बाद जो हुआ, उसकी कहानी आपको भी अंदर तक झकझोर देगी। दरअसल पति की मौत के बाद जेठ महिला पर साथ में सोने का दबाव बनाने लगा। महिला मना करती, तो वह उसे बच्चों समेत घर से निकालने की धमकी देता। आरोप है कि ऐसा करके वह उसके साथ लगातार रेप करता रहा। यही नहीं हद तो तब हो गई, जब महिला पुलिस के पास फरियाद लेकर गई और पुलिस ने उलटा उस पर ही केस दर्ज करने की धमकी देकर उसे भगा दिया। घटना जगतपुरी थाना इलाके की है। मामले में दिल्ली पुलिस कमिश्नर तक को लिखित शिकायत दी गई। इस बीच सान्ध्य टाइम्स संवाददाता ने मामला डीसीपी शाहदरा सुरेंद्र चौधरी के संज्ञान में डाला, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। तब रेप, छेड़छाड़, जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
दर्ज एफआईआर के मुताबिक, 45 वर्षीय पीड़ित महिला जगतपुरी इलाके में रहती हैं। 28 जुलाई 2023 को उनके पति की मौत हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद से ही जेठ ने उनके साथ गंदी हरकतें करनी शुरू कर दीं। वह साफ कहता था कि इस घर में रहना है, तो मेरे साथ संबंध बनाने होंगे। इस बीच आरोपी का बेटा महिला के बेटे को हथियार दिखाकर डराता था। आरोपी ने एक बार अपने खतरनाक पिटबुल कुत्ते से उनके बेटे को कटवा भी दिया था। उस मामले में भी पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया था। महिला से कोरे कागज पर साइन करवाकर उन्हें भेज दिया था।
आरोपी ने कई बार महिला का रेप किया
इस साल 10 जुलाई को भी महिला ने एसएचओ जगतपुरी को जेठ के खिलाफ शिकायत दी थी। मगर पुलिस ने उलटा उनके खिलाफ केस दर्ज करनी की धमकी देकर उन्हें भगा दिया था। इसके बाद से आरोपी लगातार महिला के साथ रेप कर रहा है। महिला डीसीपी ऑफिस भी शिकायत लेकर गई। मगर वहां ऑफिसर्स ने उन्हें डीसीपी से मिलने ही नहीं दिया। अब हारकर महिला ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को शिकायत भेजी। संवाददाता ने मामले की जानकारी डीसीपी शाहदरा को दी। तब उन्होंने पुलिस को एक्शन लेने के निर्देश दिए, जिसके बाद बुधवार को केस दर्ज हुआ।
जांच अधिकारी ने भी डराया
महिला का आरोप है कि डीसीपी के दखल के बाद पुलिस ने उन्हें कॉल करके थाने तो बुलाया, मगर इस दौरान भी महिला को खूब डराया। जांच अधिकारी कहने लगी कि अगर शिकायत दोगी तो दूसरी पार्टी भी तुम्हारे बेटे पर पॉक्सो का केस दर्ज करवा देगी। मगर महिला डरी नहीं और अपना बयान दर्ज करवाया। फिलहाल छानबीन जारी है। कार में पुलिस की टोपी, स्टिकर का क्या है राज महिला का दावा है कि उसका जेठ कभी पुलिस में भर्ती नहीं हुआ है। मगर फिर भी वह अपनी गाड़ी के डैश बोर्ड पर पुलिस की टोपी रखता है। गाड़ी के शीशे पर पुलिस का स्टिकर भी लगाए रखता है। उन्होंने यह भी बताया कि जगतपुरी थाने का एक पुलिसवाला लगातार जेठ के घर भी आता है। आरोप है कि उसके साथ सांठ-गांठ के चलते ही पुलिस अब तक एक्शन नहीं ले रही थी। आला अधिकारी ने पुलिस की टोपी और स्टिकर के बारे में पता करने की बात कही है।
