दुबई,
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला गुरुवार (17 अक्टूबर) को साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया. रोमांचक मैच में अफ्रीकी टीम ने 8 विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में एंट्री कर ली है.
महिला टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला शुक्रवार (18 अक्टूबर) को न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज महिला टीमों के बीच खेला जाएगा. यह मैच जीतने वाली टीम फाइनल में साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी. महिला टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल रविवार (20 अगस्त) को दुबई में खेला जाएगा.
इस बार महिला टी20 वर्ल्ड कप में वो हुआ है, जो सिर्फ पहले यानी 2009 सीजन में हुआ था. दरअसल, 2009 से अब तक 8 महिला टी20 वर्ल्ड कप हो चुके हैं. इसमें से ऑस्ट्रेलिया ने 6 जीते हैं. एक बार 2016 सीजन के फाइनल में उसे हार का सामना करना पड़ा था.
जबकि 2009 सीजन में ऑस्ट्रेलिया टीम सेमीफाइनल में हारकर बाहर हो गई थी. इसके बाद अब दूसरी बार ऐसा हुआ है, जब कंगारू टीम फाइनल में नहीं पहुंच सकी है. इस बार चोकर्स कही जाने वाली साउथ अफ्रीका टीम ने इतिहास रच दिया है.
