मुंबई
दिल्ली विधानसभा चुनना रिजल्ट 2025 की तस्वीर जैसे-जैसे साफ होने लगी वैसे ही आम आदमी पार्टी की हार तय मानी जा रही है। इसी बीच अन्ना हजारे ने एक बार फिर अरविंद केजरीवाल को ‘आइना’ दिखाया है। उन्होंने कहा कि मैंने पहले ही कह दिया था। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने शराब की दुकानों पर फोकस किया और धन-दौलत के चक्कर में बह गए।
अन्ना हजारे एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उन्होंने लोकपाल बिल की मांग को लेकर भूख हड़ताल की थी। यही वह अन्ना आंदोलन था जहां से अरविंद केजरीवाल का नाम पूरे देश में सामने आया। उन्होंने अन्ना आंदोलन का समर्थन किया। बाद में वह राजनीति में आ गए।
अरविंद केजरीवाल की आलोचना करते रहे हैं अन्ना हजारे
कहा जाता है कि अन्ना हजारे अरविंद केजरीवाल के राजनीति में जाने के खिलाफ थे। उन्होंने अरविंद केजरीवाल को मना भी किया था। जब वह नहीं माने तो अन्ना हजारे ने उनसे पल्ला झाड़ लिया। कई बार अन्ना हजारे ने सार्वजनिक तौर पर अरविंद केजरीवाल की समय-समय पर आलोचना करते रहे हैं।
‘बेदाग होना जरूरी’
अन्ना हजारे ने दिल्ली चुनाव रिजल्ट पर कहा, ‘मैंने पहले से ही बता दिया था कि चुनाव लड़ते समय उम्मीदवार का आचार और विचार शुद्ध होना, जीवन कलंक रहित होना, जीवन में त्याग होना, अपने आप में अपमान सहने की क्षमता होना जरूरी है।’
‘धन-दौलत के चक्कर में बह गए’
अन्ना ने कहा, ‘…. यह सब एक उम्मीदवार में है तो मतदाताओं में विश्वास होता है कि यह कुछ करेगा। मैं उन्हें सलाह देता रहा लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। उन्होंने शराब की दुकान पर फोकस किया। धन और दौलत आ गया और वह बह गए। वह सत्ताबल से खुश थे।’
