रायपुर:
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा दावा किया है। मंगलवार को नगरीय निकाय चुनाव के लिए हो रही वोटिंग के दौरान सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस के कुछ विधायक हमारे साथ कुंभ स्नान करने जाएंगे। सीएम के इस बयान के बाद राज्य की सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने महाकुंभ में जाने से इंकार कर दिया था। सीएम के इस दावे के बाद राज्य की सियासत तेज हो गई है। दरअसल, सीएम विष्णुदेव साय पूरी कैबिनेट के साथ 13 फरवरी को महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज जा रहे हैं।
मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम साय ने कहा- 13 तारीख को मंत्रीगण सभी मिल कर प्रयागराज जाएंगे। कुछ कांग्रेस के विधायकगणों से भी हमारी सहमति बनी है। वह भी हमारे साथ कुंभ स्नान के लिए जाएंगे। सीएम ने कहा कि 144 साल बाद ऐसा मौका आया है सभी जाएंगे।
विधानसभा अध्यक्ष ने दिया है निमंत्रण
छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष रमन सिंह ने महाकुंभ में जाने के लिए सभी विधायकों को निमंत्रण दिया है। विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री साय सहित मंत्रिमंडल के सदस्यों, नेता प्रतिपक्ष और सभी विधायकों तथा सांसदों (लोकसभा व राज्यसभा) को 13 फरवरी को प्रयागराज में महाकुंभ में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
चरणदास मंहत ने किया था इंकार
विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चरण दास महंत ने महाकुंभ जाने से इनकार कर दिया था। महंत ने कहा था, ‘विधानसभा अध्यक्ष के आमंत्रण की जानकारी मिली है। कुछ व्यक्तिगत कार्यों की वजह से मैं इसमें शामिल नहीं हो पाउंगा, लेकिन पार्टी के विधायकों को इसमें शामिल होने से मना नहीं किया गया है। विधायक चाहें तब वह इसमें शामिल हो सकते हैं।”
क्या कहना है कांग्रेस का
कांग्रेस मीडिया संचार के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा- मुख्यमंत्री ने आज जो बयान दिया है वह प्रोपेगेंडा है। कांग्रेस ने किसी विधायक को जाने से इंकार नहीं किया है। यह सबकी आस्था का विषय है। कांग्रेस के कई विधायक पहले ही कुंभ स्नान करके आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि किसी विधायक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।