ठाणे,
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में डिप्रेशन से पीड़ित 29 साल की एक महिला ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने गुरुवार को ये जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि महिला ने मंगलवार शाम को डोंबिवली टाउनशिप के मानपाड़ा इलाके में अपने घर में पंखे से लटककर जान दे दी. मानपाड़ा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि महिला का चार बार गर्भपात हो चुका था. इसके कारण वह मां न बन पाने से दुखी थी. पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस महिला के घर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा . महिला के पति द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया है.
बता दें कि बड़ी संख्या में डिप्रेशन के शिकार लोग आत्महत्या की ओर बढ़ जाते हैं.बीते साल गाजियाबाद से ऐसा ही मामला सामने आया था जहां 24 साल के एक युवक ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया. वह डिप्रेशन में था और तीन साल से उसका इलाज चल रहा था. युवक उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल का रहने वाला था. न्यूज एजेंसी के मुताबिक, युवक की पहचान पौड़ी गढ़वाल के देवराना गांव के रहने वाले सक्षम दत्त के रूप में हुई. डीसीपी निमिष पाटिल ने कहा कि पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल ले गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
