नई दिल्ली:
उत्तराखंड के चमोली में बड़ा हादसा हुआ है। राज्य के चमोली जिले में ग्लेशियर टूटने से 50 से ज्यादा मजदूर दबे। ये हादसा माणा गांव के पास हुआ है। हादसे का शिकार हुए मजदूर इलाके में सड़क निर्माण कर रहे थे। अभी तक जानकारी के अनुसार, 57 मजदूर फंसे हुए हैं। वहीं 10 मजदूरों को रेस्क्यू के जरिए निकाला जा चुका है। फिलहाल मौके पर बचाव दल रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं।
ग्लेशियर टूटने से 57 मजदूर फंसे
उत्तराखंड पुलिस हेडक्वार्टर के प्रवक्ता आईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया, ‘सीमा क्षेत्र माणा में सीमा सड़क संगठन (BRO) के कैंप के पास भीषण हिमस्खलन हुआ है, जिसमें सड़क निर्माण में लगे 57 मजदूर फंस गए हैं। इन मजदूरों में से 10 मजदूरों को बचा लिया गया है और गंभीर हालत में माणा के पास सेना के कैंप में भेज दिया गया है।’
मौके पर बचाव दल मौजूद
इस बीच, बीआरओ के अधिशासी अभियंता सीआर मीना ने बताया कि मौके पर 57 मजदूर मौजूद हैं। तीन से चार एंबुलेंस भी भेजी गई हैं, लेकिन भारी बर्फबारी के कारण बचाव दल को वहां पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
भारी बर्फबारी के बाद मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
जानकारी के अनुसार, ये मजदूर सड़क निर्माण के लिए एक निजी ठेकेदार के साथ काम कर रहे थे। पिछले 48 घंटों में इलाके में भारी बर्फबारी के बाद ग्लेशियर नदी में गिर गया। ग्लेशियर के पास निर्माण स्थलों को काफी नुकसान पहुंचा है। सरकार ने इलाके में रहने वाले निवासियों को अलर्ट भेजा है।
बता दें कि पिछले दो दिनों से पहाड़ों में मौसम काफी खराब है. उत्तराखंड के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के भी कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है. कहीं, नदियां उफान पर हैं तो कहीं नालों में गाड़ियां बह रही हैं.भीषण बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में तबाही मच गई है. प्रदेश के कुल्लू जिले से तो तबाही की हैरान करने वाली तस्वीरें सामने आई हैं. यहां बारिश ने ऐसा कहर ढाया है कि नदी-नाले उफान पर आ गए हैं.
आज (28 फरवरी) ही हिमाचल प्रदेश के कुल्लू और मंडी जिले से भी तबाही की तस्वीरें सामने आई हैं. मंडी जिले के ओट इलाके में लैंडस्लाइड के बाद चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे बंद हो गया है तो वहीं कुल्लू में नालों में बारिश के पानी के कारण आए ओवरफ्लो में गाड़ियां बह जाने का मामला सामने आया है. हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है.
