चंडीगढ़। खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की जेल ट्रांसफर और हिरासत को लेकर पंजाब की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। सरकार चाहती है कि राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) खत्म होने के बाद भी सुरक्षा कारणों से उन्हें हिरासत में रखा जाए। इसी बीच डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री से कई सवाल पूछे और उन पर “कठपुतली” की तरह काम करने का आरोप लगाया। डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने सवाल उठाते हुए कहा कि अमृतपाल सिंह का दोष क्या है।
उन्होंने लिखा कि अगर वह दोषी हैं तो उन्हें खुले तौर पर सिस्टम के सामने लाया जाए, पर्दे के पीछे से कार्रवाई क्यों की जा रही है। उल्लेखनीय है कि अमृतपाल सिंह पर लगा राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) 23 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। पोस्ट में उन्होंने अपने पति नवजोत सिंह सिद्धू के जेल में बिताए एक वर्ष का भी जिक्र किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को सच्चाई पता होने के बावजूद उन्होंने सिस्टम के दबाव में आकर उसे स्वीकार नहीं किया। डॉ. सिद्धू ने मुख्यमंत्री से अपने मूल्यों से समझौता न करने की सलाह देते हुए कहा कि किसी को जेल में डालकर उन्हें अपने सिद्धांतों से पीछे नहीं हटाया जा सकता। उन्होंने कहा कि वे ऐसी मानसिकता के साथ पैदा नहीं हुए हैं और उनके शरीर में योद्धाओं का खून बहता है।
