जयपुर। भजनलाल शर्मा ने कहा कि शासन सचिवालय राज्य प्रशासन का सबसे बड़ा निकाय है, इसलिए यहां कार्यरत अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें और सुशासन के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। मुख्यमंत्री शर्मा सचिवालय में आयोजित राजस्थान सचिवालय सेवा अधिकारी संघ के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने संघ की नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक तंत्र की कार्यकुशलता और क्षमता बढ़ाने के लिए अधिकारियों को मिशन कर्मयोगी जैसे कार्यक्रमों से जुड़कर अपने कौशल का विकास करना चाहिए। इससे शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनेगी तथा आमजन को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले सवा दो वर्षों में कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। सरकार का उद्देश्य कर्मचारियों के कल्याण के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाना है, ताकि प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिल सके और जनता को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करें तथा राज्य सरकार के सुशासन के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दें। समारोह में सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी और संघ के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
