जशपुर। विष्णु देव साय ने जशपुर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विकसित अत्याधुनिक डे-केयर केंद्र ‘सियान गुड़ी’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों के साथ कैरम खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया और उनसे आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर वरिष्ठजन बेहद प्रसन्न नजर आए और राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने बुजुर्गों को फूड बास्केट वितरित किए तथा उन्हें धार्मिक पुस्तक, शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों के लिए जाना जाता है, लेकिन बदलती जीवनशैली, एकल परिवार की बढ़ती प्रवृत्ति और रोजगार के लिए युवाओं के पलायन के कारण कई बुजुर्ग दिन के समय अकेलेपन और उपेक्षा का सामना कर रहे हैं। यह स्थिति उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी प्रभाव डालती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्हीं चुनौतियों के समाधान के लिए ‘डे-केयर सेंटर– सियान गुड़ी’ की परिकल्पना की गई है। यह केंद्र वरिष्ठ नागरिकों के लिए सम्मान, आत्मीयता और सक्रियता का स्थान बनेगा, जहां वे सुरक्षित वातावरण में दिन बिताकर नई ऊर्जा और उत्साह प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने केंद्र का निरीक्षण कर सुविधाओं की सराहना की
मुख्यमंत्री ने केंद्र का निरीक्षण करते हुए यहां उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की और इसे वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक आदर्श पहल बताया। इस अवसर पर विजय शर्मा ने कहा कि ‘सियान गुड़ी’ के माध्यम से राज्य सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को अधिक सम्मानजनक, सक्रिय और खुशहाल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इससे सामाजिक समरसता को मजबूती मिलेगी और पारिवारिक मूल्यों को भी नई ऊर्जा प्राप्त होगी।
जशपुर में रणजीता स्टेडियम के पीछे भागलपुर रोड स्थित यह केंद्र वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक समग्र डे-केयर यूनिट के रूप में विकसित किया गया है। यहां योग, प्राणायाम, मनोरंजन, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियां, डिजिटल और वित्तीय साक्षरता तथा कौशल विकास प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, दवाओं की उपलब्धता, टेली-कंसल्टेशन, स्वास्थ्य जागरूकता सत्र, फिजियोथैरेपी और व्यायाम की भी व्यवस्था की गई है।
