जयपुर/जोधपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार, 22 अप्रैल को प्रदेश के अन्नदाताओं को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। जोधपुर के ओसियां में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री, ‘मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’ की छठी किश्त के रूप में 665 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी (DBT) के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित करेंगे। इससे प्रदेश के 66 लाख से अधिक किसान परिवार लाभान्वित होंगे।
सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार ने किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए पीएम किसान सम्मान निधि के अतिरिक्त मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना लागू की है। इसके तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 3000 रुपये की अतिरिक्त राशि तीन समान किश्तों में दी जा रही है। अब राजस्थान के पात्र किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को मिलाकर प्रति वर्ष कुल 9000 रुपये की सम्मान निधि प्राप्त हो रही है। ओसियां में होने वाले मुख्य समारोह के साथ-साथ जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर भी विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कृषि विभाग के समन्वय से आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, जहाँ उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
राज्य सरकार के आंकड़ों के अनुसार, मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक 5 किश्तों के माध्यम से 71 लाख से अधिक परिवारों को 2726 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है। वहीं, पीएम किसान सम्मान निधि के तहत सरकार ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में 76 लाख से अधिक किसानों को 9583 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए हैं। सरकार का दावा है कि यह कदम ‘सशक्त किसान, समृद्ध राजस्थान’ के संकल्प को पूरा करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
