जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चलाए गए दो दिवसीय राज्यव्यापी विशेष अभियान के उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। 18 और 19 अप्रैल को संचालित इस अभियान के दौरान प्रशासन और जलदाय विभाग की टीमों ने गांव-गांव जाकर न केवल व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, बल्कि मौके पर ही शिकायतों का निपटारा कर हजारों ग्रामीणों को राहत पहुंचाई।
अभियान के दौरान जिला कलेक्टरों से लेकर तहसीलदारों और विकास खंड अधिकारियों ने जलदाय विभाग के तकनीकी विशेषज्ञों के साथ मिलकर सघन निरीक्षण किया। इस दौरान जल जीवन मिशन, अमृत योजना और ग्रीष्मकालीन कंटीन्जेंसी (आकस्मिक योजना) से जुड़े कुल 2677 कार्यों की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने मौके पर ही पाइपलाइन लीकेज और बंद पड़े हैंडपंपों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए, जिससे गर्मी के इस मौसम में जलापूर्ति सुचारू हो सके। पेयजल सुधार के लिए विभाग द्वारा करीब 450 तकनीकी टीमें तैनात की गई थीं। इन टीमों ने फील्ड से प्राप्त 2792 शिकायतों को सूचीबद्ध किया, जिनमें से 2775 का तत्काल निस्तारण कर दिया गया।
