तलवंडी साबो। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बठिंडा जिले के तलवंडी साबो में 6 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित एसडीएम बिल्डिंग का उद्घाटन किया। 46 साल पुरानी और जर्जर हो चुकी इस इमारत के पुनर्निर्माण को मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों की विफलता का जवाब बताया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम मान ने शिरोमणि अकाली दल और सुखबीर सिंह बादल पर तीखा हमला बोला।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पिछली सरकारों ने दशकों तक जनसुविधाओं की सुध नहीं ली। सुखबीर बादल के “एक ईंट दिखाओ” वाले बयान पर चुटकी लेते हुए मान ने कहा, “अकालियों ने 15 साल राज किया लेकिन विकास के नाम पर कुछ नहीं किया। उन्हें यह नई इमारत देखनी चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि जो भी जर्जर इमारतें, बसें या पुराने पुलिस वाहन हमें विरासत में मिले हैं, उन पर अब यह लिखा जाएगा कि यह पिछली सरकारों की देन हैं। उन्होंने पंजाब की जनता को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार धीरे-धीरे व्यवस्था को नया रूप दे रही है और अब कुछ भी खस्ताहाल नहीं रहने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बेअदबी के मामलों को लेकर सरकार एक अत्यंत सख्त कानून लाने जा रही है, जिसमें अपराधियों के लिए माफी का कोई विकल्प नहीं होगा।
इसके अलावा, उन्होंने एक बड़ी जानकारी साझा करते हुए बताया कि पंजाब के छह सीमावर्ती जिलों की फेंसिंग (घेराबंदी) करने की अनुमति मिल गई है, जिससे सीमा पर खेती करने वाले किसानों को बड़ी राहत और सुरक्षा मिलेगी। केंद्र के महिला आरक्षण बिल का स्वागत करते हुए सीएम मान ने गौरव के साथ कहा कि पंजाब विधानसभा में वर्तमान में ही 11 महिला विधायक हैं। उन्होंने वर्ष 2017 में संसद में दिए अपने उस भाषण को भी याद किया, जिसमें उन्होंने सभी तख्त साहिबों को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की मांग उठाई थी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दोहराया कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब के गौरव और विकास को पुनर्स्थापित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
