जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने आज ‘ग्राम रथों’ को हरी झंडी दिखाकर 15 दिवसीय ग्राम रथ अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकार की विकास योजनाओं को पहुँचाना और आगामी ‘ग्राम-2026’ के प्रति किसानों व पशुपालकों को जागरूक करना है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्रीनरेन्द्र मोदी के अंत्योदय के संकल्प को साकार करते हुए राजस्थान सरकार गाँव और किसान को समृद्ध बनाने के लिए एक स्पष्ट रोडमैप पर कार्य कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह रथ यात्रा प्रदेश की प्रत्येक ढाणी तक जाकर ग्रामीणों को सशक्त बनाने और उन्हें आधुनिक तकनीकों से जोड़ने का काम करेगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए एक मजबूत इको-सिस्टम विकसित कर रही है।
उन्होंने बताया कि आगामी ‘ग्राम-2026’ आयोजन के माध्यम से किसान और पशुपालक खेती की आधुनिक तकनीकों, उन्नत बीजों और स्मार्ट फार्मिंग के तरीकों को जान सकेंगे। साथ ही, यह मंच निवेशकों को राजस्थान के कृषि क्षेत्र में छिपी अपार संभावनाओं को समझने का अवसर भी प्रदान करेगा।
