भोपाल। राजधानी के नगर निगम मुख्यालय में बुधवार को महापौर मालती राय और कमिश्नर संस्कृति जैन की मौजूदगी में ‘मेयर इन कौंसिल’ की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में कुल 19 प्रस्तावों पर चर्चा की गई, हालांकि इस दौरान कुछ सदस्यों की अनुपस्थिति और तीखी नाराजगी भी देखने को मिली। बैठक में कोलार नगर पालिका के नगर निगम में विलय से पूर्व कार्यरत 114 दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों (18 कुशल, 26 अर्धकुशल और 70 अकुशल) को विनियमित करने के प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा हुई।
इसके अलावा, ‘हाउसिंग फॉर ऑल’ के विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। हालांकि, पीएम आवास के अंतर्गत कमर्शियल प्रोजेक्ट के हाईराइज भवन की निविदा निरस्त करने के प्रस्ताव को समिति ने मंजूर नहीं किया। बैठक में एमआईसी सदस्य राजेश हिंगोरानी, रविंद्र यती, मनोज राठौर सहित अन्य मौजूद रहे, जबकि जितेंद्र शुक्ला और आनंद अग्रवाल सहित चार सदस्य अनुपस्थित रहे। स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए केंद्रीय दल के संभावित दौरे को देखते हुए निगमायुक्त संस्कृति जैन ने सख्ती दिखाई।
उन्होंने निगम के नवीन मुख्यालय में स्वच्छता नोडल अधिकारियों की ‘जमीन पर बैठकर’ मीटिंग ली। निगम इतिहास में यह पहला मौका था जब किसी आयुक्त ने इस तरह बैठकर अधिकारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत भोपाल में मकान सूचीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। अब तक निगम सीमा के भीतर 3 लाख 60 हजार से अधिक मकानों की गणना पूरी हो चुकी है और 150 ब्लॉक का कार्य संपन्न हो गया है। इस उपलब्धि पर महापौर मालती राय और कमिश्नर संस्कृति जैन ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
