भोपाल। प्रदेश में जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए चलाए जा रहे ‘जलगंगा संवर्धन अभियान’ के तहत गुरुवार को राजधानी के द्वारका नगर (वार्ड क्रमांक 36) में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, महापौर मालती राय और निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने प्राचीन बावड़ी की सफाई के लिए स्वयं श्रमदान किया। अभियान के दौरान मंत्री श्री सारंग, महापौर और निगामायुक्त ने बावड़ी के भीतर से कचरा और गाद निकालने में मदद की।
इसके साथ ही बावड़ी की सीढ़ियों और दलानों में झाड़ू लगाकर सफाई की और वहां जमा कचरे को मौके से हटवाया। इस दौरान मंत्री श्री सारंग ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि जल संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण संकल्प है। उन्होंने नागरिकों से प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए ‘नमस्ते अभियान’ के तहत उन्हें पीपीई किट भेंट की गई।

मंत्री और महापौर ने किट प्रदान कर सफाई मित्रों का उत्साहवर्धन और सम्मान किया। इस अवसर पर अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ शर्मा, एमआईसी सदस्य अशोक वाणी, जोन अध्यक्ष सूर्यकांत गुप्ता, पार्षद वंदना कुशवाह, गौरी नितिन पाठक, अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग, प्रदीप शेखावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, निगम के अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
