भोपाल। राजधानी के छोला मंदिर थाना क्षेत्र स्थित पारस धाम कॉलोनी में बुधवार रात बच्चों के खेलने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आधा दर्जन से अधिक लोगों ने अपने ही पड़ोसी के घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 41 वर्षीय संजू महंत पारस धाम कॉलोनी में रहते हैं। बुधवार रात कॉलोनी के पार्क में संजू और उनके पड़ोसी नीरज के बच्चों के बीच खेल-खेल में किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। इस छोटी सी बात से गुस्साए नीरज ने अपने परिवार की पूजा, रणवीर, भावना, रंजीत कौर व अन्य लोगों के साथ मिलकर संजू के घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने न केवल परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, बल्कि घर में रखे सामान की भी जमकर तोड़फोड़ की।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हालांकि, घटना के बाद से ही आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस नजर रख रही है।
