बटाला। संत त्रिलोचन दास जी महाराज के 38वें गुरु गद्दी दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को बटाला में एक भव्य धार्मिक समागम का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विशेष रूप से शिरकत की। मुख्यमंत्री ने संतों के चरणों में नतमस्तक होकर आशीर्वाद लिया और राज्य की शांति, प्रगति व समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस समागम में देश-विदेश से भारी संख्या में संगत गुरु महाराज का आशीर्वाद लेने पहुंची। संगत को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मान ने पंजाब की सामाजिक सद्भावना पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, “पंजाब की धरती बहुत उपजाऊ है, यहाँ अन्न तो भरपूर पैदा होता है, लेकिन नफरत का बीज यहाँ कभी नहीं उग सकता।” उन्होंने पंजाब को एक ऐसे गुलदस्ते की संज्ञा दी जहाँ हर धर्म के फूल की अपनी अलग महक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी रामनवमी, गुरुपर्व, हनुमान जयंती और ईद सब सांझी हैं और यही आपसी भाईचारा पंजाब की असली ताकत है। युवाओं के विदेश पलायन पर चिंता व्यक्त करते हुए CM मान ने कहा कि हमें पंजाब को लंदन, पेरिस या कैलिफोर्निया बनाने की होड़ नहीं करनी है।
हमारा एकमात्र लक्ष्य अपने उस ‘हंसता-खेलता पुराना पंजाब’ को वापस लाना है, जहाँ खुशहाली और रोजगार हो। उन्होंने युवाओं से शहीद-ए-आजम भगत सिंह के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की। नशे के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे केवल पुलिस या सरकार के दम पर खत्म नहीं किया जा सकता; इसे एक जनआंदोलन बनाना होगा। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार इस दिशा में गंभीर है और पंजाब तेजी से नशामुक्ति की ओर बढ़ रहा है।
